सर्राफा कारोबारियों का चार किलो सोना लेकर कारीगर फरार….

कानपुर: बजरिया थानाक्षेत्र में जेवर बनाने वाला कारीगर बेकनगंज के सर्राफा कारोबारियों का चार किलो सोना लेकर फरार हो गया। इसकी कीमत ढाई करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है।

सोमवार को बाजार खुलने के बाद वायदे के अनुसार जब कारीगर सोना लेकर कारोबारियों तक नहीं पहुंचा तो उन्होंने बेकनगंज स्थित उसकी दुकान पर जाकर देखा। जहां उसकी दुकान बंद मिली। मोबाइल भी बंद होने पर सर्राफा करोबारी जब उसके घर पहुंचे तो वहां घर पर ताला लटकता मिला। कारोबारियों ने पुलिस को तहरीर दे दी है। पुलिस कारीगर की तलाश में जुट गई है।


मूलरूप से महाराष्ट्र का रहने वाला सोने के जेवर बनाने का कारीगर नील वाली गली में रहता है। बेकनगंज में उसकी दुकान है। कारीगर लंबे समय से सर्राफा बाजार से सोना लेकर गलाने और पकाने का काम करता था। इसके बाद ऑर्डर पर जेवर बनाता था।

सर्राफा कारोबारी मुबीन, इश्तियाक अहमद, अश्फाक और दानिश समेत कई सर्राफा कारोबारियों ने बताया कि कारीगर लंबे समय से उनका काम कर रहा था। बीते शनिवार को वह उनकी दुकानों से लगभग चार किलो सोना ले गया था। सोने को गलाने के बाद जेवर बनाने थे।

सर्राफा कारोबारियों ने बताया कि सोमवार सुबह कारीगर को सोना लेकर आना था, दोपहर बाद तक वे इंतजार करते रहे लेकिन वह नहीं आया। इसके बाद उसकी बेकनगंज स्थित दुकान पर जाकर देखा तो ताला लगा था।


कॉल करने पर जब मोबाइल बंद की जानकारी हुई तो नील वाली गली स्थित कारीगर के घर जाकर देखा तो वहां भी ताला बंद था। उसके आसपास के रहने वाले लोगों से उसकी जानकारी की तो वह लोग कुछ नहीं बता सके। एक दो लोगों ने शनिवार रात ही परिवार के साथ कहीं चले जाने की जानकारी दी। इसके बाद वे लोग थाने पहुंचे और मामले की जानकारी दी। जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को दी जानकारी

बाजार में 10 ग्राम सोने की कीमत करीब 64 हजार रुपये है। इस हिसाब से चार किलो सोने की कीमत दो करोड़ चालीस लाख से ज्यादा है। कारोबारियों ने इसकी जानकारी सर्राफा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को दी। सभी अपने स्तर से उसकी तलाश में जुटे हैं।

Related Articles

Back to top button