बसपा से आए पूर्व मंत्री सदल प्रसाद को कांग्रेस से टिकट मिला

गोरखपुर। बांसगांव में कांग्रेस के नेता अपनी ही पार्टी में न्याय मांग रहे हैं। बसपा से आए पूर्व मंत्री सदल प्रसाद को टिकट मिलने से नाराज कांग्रेस अनुसूचित विभाग के जिला उपाध्यक्ष गया प्रसाद ने निर्दल ही मैदान में उतरने की घोषणा कर दी है।

उनके साथ भी कई कांग्रेसी प्रचार में जुट गए हैं। वह पार्टी प्रत्याशी के प्रचार के लिए बनाए गए वाट्सएप ग्रुप में अपना प्रचार कर रहे हैं। कई लोग समझाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन वह अपने निर्णय को अटल बता रहे हैं। आइएनडीआइ गठबंधन में बांसगांव लोकसभा सीट कांग्रेस को मिली है।

कांग्रेस ने बसपा के पूर्व मंत्री और तीन बार बसपा के प्रत्याशी रहे सदल प्रसाद को टिकट दिया है। हालांकि टिकट के लिए कई कांग्रेसियों ने भी दावेदारी की थी।

गया प्रसाद कहते हैं, वर्ष 2017 से लगातार टिकट मांग रहा था लेकिन नहीं मिला। अब कड़ा निर्णय लेना पड़ा। उनका कहना है कि कांग्रेस अभी नहीं छोड़ूंगा, पर्चा दाखिल करने के बाद इस्तीफा दूंगा।

सदल प्रसाद का कहना है कि गया प्रसाद से बात करने उनके घर गया था। लंबी बात हुई लेकिन उसके बाद से उनके तेवर और बदल गए हैं।

जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान ने कहा कि गया प्रसाद पार्टी के वरिष्ठ और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उनसे खुद मिलकर बात करूंगी। मुझे विश्वास है कि वह भी नेतृत्व के निर्णय को मानेंगे और एकजुट होकर सदल प्रसाद को विजयी बनाएंगे।

Related Articles

Back to top button