दिनभर रहा ठिठुरन का एहसास, अगले कई दिन तक ऐसे ही मौसम का पूर्वानुमान

नई दिल्ली। उत्तर भारत में पहाड़ से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक शनिवार को भी कोहरे का असर दिखाई दिया। हालांकि, शुक्रवार की अपेक्षा दृश्यता के स्तर में कुछ सुधार हुआ, लेकिन ठिठुरन बनी रही।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कई दिनों तक कमोबेश ऐसा ही मौसम बने रहने का पूर्वानुमान है। दिल्ली में कम दृश्यता के कारण उड़ानों के प्रभावित होने का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। करीब 140 विमान विलंब की जद में आए। अंतरराष्ट्रीय प्रस्थान की करीब डेढ़ दर्जन उड़ानें विलंब से उड़ीं। इसके साथ ही 150 ट्रेनें भी कोहरे के चलते घंटों लेट पहुंचीं। इसके चलते ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव करना पड़ा। कई ट्रेनें निर्धारित से एक दिन बाद रवाना की गईं।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 20.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।

कैसा रहेगा दिल्ली का हाल?
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार की सुबह राजधानी में मध्यम से घना कोहरा बना रहेगा। दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 19 एवं 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सोमवार को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। मंगलवार से अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री की वृद्धि होगी एवं न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी।

घरेलू उड़ानों पर रहा सर्वाधिक असर
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में बैंकाक के लिए जा रहा विमान करीब चार घंटे की देरी से रवाना हुआ। आगमन से जुड़े छह विमानों में विलंब रहा। सबसे ज्यादा असर घरेलू उड़ानों पर रहा। पटना जाने वाली उड़ान करीब नौ घंटा की देरी से रवाना हुई। इसी तरह अहमदाबाद व गोवा की उड़ान छह और गोरखपुर व बागडोगरा की उड़ान करीब तीन घंटे के विलंब से रवाना हुई। उड़ानों में विलंब की वजह से यात्रियों टर्मिनल पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।

सोशल मीडिया पर यात्री टर्मिनल के वीडियो और तस्वीर साझा कर रहते रहे। इसमें टर्मिनल पर भीड़ साफ साफ नजर आती है। कई वीडियो में बैठने के लिए जगह नहीं होने पर यात्री खड़े हैं। कई जगह यात्री जमीन पर बैठे नजर आते हैं। इस स्थिति के लिए यात्रियों ने आईजीआई एयरपोर्ट संचालन से जुड़ी एजेंसी डायल को निशाने पर लिया। जिसपर डायल ने खेद प्रकट किया हैं।

20 घंटे से ज्यादा विलंब से पहुंचीं ट्रेनें
बता दें कि कोहरे का असर सिर्फ विमान सेवा पर ही नहीं पड़ा। ट्रेनें भी करीब 20 घंटे से ज्यादा की देरी से पहुंची। वंदे भारत एक्सप्रेस 20 घंटे, पटना-आनंद विहार सुपरफास्ट विशेष 29 घंटे, खजुराहो-कुरुक्षेत्र गीता जयंती एक्सप्रेस 24 घंटे, पुरी-योगनगरी ऋषिकेश कलिंग उत्कल एक्सप्रेस 20 घंटे की देरी से पहुंची।

Related Articles

Back to top button