अज्ञात कारणों से लगी आग, चार झोपड़ियां राख, बकरी भी झुलसी

बहादुरपुर कारी गाँव का है मामला

काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने आग पर पाया काबू

बेटी के शादी के लिए रखा सामान जलकर राख

रतसर (बलिया)। गड़वार थाना क्षेत्र के बहादुरपुर कारी (बिचला घाट) गांव में रविवार की रात अज्ञात कारणों से आग लगने से चार रिहायशी झोपड़ी जलकर राख हो गई। जब तक लोगों ने आग पर काबू पाया, तब तक उसमें रखा हजारों की गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। झोपड़ी में बंधी बकरी भी पूरी तरह से झुलस गयी।

मिली जानकारी के अनुसार नगर से सटे बहादुरपुर कारी (बिचला घाट) गांव निवासी रामेश्वर राम,पिन्टू राम,अनिल राम एवं धर्मेन्द्र राम रोज की तरह रविवार की रात परिवार के साथ अपनी रिहायशी झोपड़ी में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब 11 बजे अज्ञात कारणों से झोपड़ी में आग लग गई। शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना यूपी 112 को दी। इसके बाद जिसे जो साधन मिला,उसके सहारे पानी डालकर आग बुझाने में जुट गए।

वहीं पिंटू राम की झोपड़ी में बंधी बकरी पूरी तरह से झुलस गई। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक झोपड़ी में रखा हजारों गृहस्थी का सामान आग की भेंट चढ़ गया। झोपड़ी जलने के बाद पीड़ितों का परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया। वहीं पिंटू राम ने बताया कि बेटी की शादी के लिए रखा सामान भी राख में तब्दील हो गया।

दो वर्ष से पिंटू राम अपनी पुत्री की शादी के लिए सामान जुटा रहे थे, लेकिन एक झटके में पूरा सामान जल गया। पिंटू राम की पत्नी यह कहते हुए फफक पड़ी कि अब बेटी का हाथ पीला कैसे होगा, क्योकि दो वर्ष की कमाई पूरी तरह से जलकर स्वाहा हो गई। गांव के लोग परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान जुगुल किशोर यादव ने पीड़ित परिवार को तत्कालिक राहत मुहैया करवाते हुए राशन सहित आर्थिक सहयोग प्रदान किया। मामले में क्षेत्रीय लेखपाल ने बताया कि घटना स्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आंकलन किया है। रिपोर्ट तैयार उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है।

Related Articles

Back to top button