पराली जलाने पर दो और किसानों के खिलाफ एफआईआर

फतेहाबाद । जिला प्रशासन पराली जलाने वाले किसानों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। गुरुवार को भी कृषि विभाग ने पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।पिछले 10 दिन में जिले में 34 किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।

इस संबंध में सदर फतेहाबाद पुलिस को दी शिकायत में कृषि विभाग के एग्रीकल्चर सुपरवाइजर सुखपाल ने कहा है कि उपायुक्त फतेहाबाद नेे धान की कटाई के बाद अवशेष जलाने पर 4 अक्टूबर से पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है। उन्होंने बताया कि उन्हें 27 नवंबर को हरसेक से जीपीएस लोकेशन प्राप्त हुई। इसमें सूचना दी गई थी कि गांव बीराबद्दी में एक किसान ने धान की पराली जलाई है। इस सूचना पर कृषि विकास अधिकारी, पटवारी, ग्राम सचिव, नंबरदार व गांव के सरपंच मौके पर पहुंचे। इस टीम ने गांव में हरविन्द्र सिंह के खेत में 45 कनाल 6 मरला क्षेत्र में पराली जलती मिली। अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने किसान हरविन्द्र सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एक अन्य मामले में सदर रतिया पुलिस ने एग्रीकल्चर सुपरवाइजर सुखपाल की शिकायत पर गांव अजीत नगर गंदा निवासी किसान प्रीतम सिंह के खिलाफ पराली जलाने के आरोप में केस दर्ज किया है। अधिकारी ने बताया कि उन्हें 26 नवंबर को पराली जलाने की सूचना मिली थी। टीम ने गांव का दौरा कर किसान प्रीतम सिंह ने 16 कनाल 3 मरला खेत में पराली में आग लगी पायी थी।

Related Articles

Back to top button