माइनर ओवरफ्लो होने से खेतों में भरा पानी, किसानों को फसल सड़ने का सता रहा डर

हमीरपुर : कुरारा विकासखंड क्षेत्र में बेतवा नहर प्रखंड की माइनरों में पतारा हार में पानी ओवरफ्लो होने से किसानों की फसलों में पानी भरने से फसलें सड़ने की कगार पर पहुंच रही हैं। वहीं किसान पहले ही मौसम की मार से अपनी फसलों को लेकर परेशान हैं। किसानों ने पानी रोकने की मांग की है।

कुरारा विकासखंड क्षेत्र के बेतवा नहर प्रखंड भैंसापाली माइनर में पतारा हार में पानी छोड़े जाने से टेल वाले क्षेत्र चकोठी में पानी पहुंचते ही ओवरफ्लो हो जाने से पानी झलोखर व पतारा गांव के किसानों की फसलों में भरने लगा है। किसान अपनी फसलों को बचाने के लिए मिट्टी का ढेर लगाकर पानी को रोकने का प्रयास करने में लगे हुए हैं। मौसम की मार के चलते जनपद जालौन के किसानों के फसलों में पानी न देने से रविवार की रात झलोखर गांव में नहर ओवरफ्लो होने से किसानों की फसलों में पानी भरने लगा और फसलें सड़ने लगी हैं। वहीं क्षेत्र में लंबे अंतराल के बाद पानी छोड़ा गया है जबकि अधिकांश किसानों ने अपनी गेहूं की फसलों में निजी नलकूप से पानी दे चुके हैं। वही टेल वाला क्षेत्र होने से माइनरों की सफाई में खानापूर्ति की गई है। इसमें थोड़ा पानी आते ही ओवरफ्लो होकर किसानों की फसलों में भर जाता है। झलोखर के किसान बृजेश शिवहरे व राम प्रताप यादव ने बताया कि सिंचाई के समय पानी नहीं मिल पाया, अब नहर के ओवरफ्लो होने से फसलें बर्बाद होने लगी है। नहर विभाग के अवर अभियंता संजय रजक ने बताया कि नहर के सिल्ट की सफाई व झाड़ी-जंगल एक सप्ताह पहले ही कराई गई थी। पानी ओवरफ्लो होने से किसानों के खेतों में थोड़ा बहुत पानी गया है। इसे ठीक करा दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button