खेत पर सिंचाई कर रहा किसान अचेत होकर गिरा, मौत

हमीरपुर : राठ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान अपने खेत में मूंग की फसल पर पानी लगा रहा था। तभी अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। जानकारी होने पर परिजन उसे इलाज के लिए सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सक ने किसान को मृत घोषित कर दिया।
पथनौड़ी गांव निवासी भूरालाल अहिरवार ने बताया कि उसके पिता 55 वर्षीय रामपाल अहिरवार के पास आठ बीघा जमीन थी। जिसमें वर्तमान में मूंग की फसल बोई थी। बताया कि मंगलवार की सुबह पिता खेत में मूंग की फसल की सिंचाई करने गए थे। देर शाम तक उनके घर नहीं लौटने पर उसने खेत जाकर देखा तो पिता अचेत अवस्था में पड़े थे। यह देख बेटा आनन-फानन में उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचा। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने लू लगने से मौत होने की अशंका जताई है। मृतक अपने पीछे दो पुत्र भूरालाल, आकाश छोड़ गया है। पति की मौत पर पत्नी सावित्री बेसुध हो गई है।

Related Articles

Back to top button