आंधी में दुर्गा पंडाल गिरने से भक्तों में मची भगदड़, एक बुजुर्ग घायल

हमीरपुर : सदर कोतवाली के सुभाष बाजार में सजा दुर्गा पंडाल मंगलवार की रात अचानक ढह गया। पंडाल गिरते ही वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा तफरी मच गई। इस घटना में कुछ देवी प्रतिमाएं जहां खंडित हो गईं। वहीं प्रतिमाओं को बचाते समय एक बुजुर्ग भी घायल हो गया। जिसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। आस पड़ोस के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बिखरे सामान को सुरक्षित किया।

सदर कोतवाली के सुभाष बाजार मैदान में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य पंडाल सजाकर मां दुर्गा की स्थापना चैत्र नवरात्र में की गई थी। इस पंडाल में मां दुर्गा के एक बड़ी प्रतिमा के अलावा कुल नौ प्रतिमाएं स्थापित की गईं थी। मंगलवार की रात आरती के बाद पंडाल में सजावट का काम चल रहा था। रात करीब 11 बजे अचानक तेज आंधी आई। जिसने पूरे पंडाल को तहस नहस कर दिया। आंधी आते ही पंडाल हिलने लगा। जिस पर वहां मौजूद कमेटी के पदाधिकारी अशोक कुमार ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बड़ी प्रतिमा को गिरने से बचाया। लेकिन पंडाल उन्हीं के ऊपर गिर गया। इस दौरान उनके शरीर में चोटें आई हैं। वहीं पंडाल गिरने के कारण स्थापित की गईं कई छोटी प्रतिमाएं गिरकर खंडित हो गईं। बिजली के तार भी पंडाल में फंस गए। जिसके बाद बिजली कटवाई गई। यदि समय रहते बिजली आपूर्ति न बंद की जाती तो बड़ी घटना हो सकती थी। इस घटना से आसपास के लोगों में अफरा तफरी मच गई। कमेटी के सदस्यों व आसपास के लोगों ने मिलकर पंडाल को फिर से सजाते हुए प्रतिमा को स्थापित किया।

Related Articles

Back to top button