गर्मी की मार से हर कोई बेहाल, तापमान पहुंचा 46 डिग्री के पार

हमीरपुर : गर्मी का सितम कम नही हो रहा है। लोग मौजूदा समय में पड़ रही भीषण गर्मी से बेहाल हो रहे हैं. वहीं एक बार फिर से बढ़ती गर्मी के कारण मरीजों की संख्या में इजाफा होने लगा है। शनिवार को हमीरपुर का अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।
शनिवार को जिला अस्पताल में कुल 566 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। जिसमें एक सैकड़ा से अधिक बीमार बच्चे शामिल थे। मौसम की मार से हर तरफ हाहाकार मचा हुआ है। गंभीर मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। शनिवार की सुबह से ही चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर रखा था। दोपहर में यह धूप लोगों के लिए आसमान से बरसती आग साबित होने लगी। जिसके कारण शहर में सन्नाटा पसरा नजर आया और लोग धूप व लू से बचाव के लिए घरों में कैद हो गए। आलम यह रहा कि दोपहर 12 बजे से चार बजे तक हर तरफ सन्नाटा ही नजर आया। साप्ताहिक बाजार का दिन होने के कारण भी बाजार में लोगों की चहलकदमी बहुत ही कम नजर आई। इतना ही नही मौजूदा समय में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।

Related Articles

Back to top button