देश भर में हड़ताल की जुगत में कर्मचारी

लखनऊ। पुरानी पेंशन को बहाल करने की मांग को लेकर कर्मचारी संगठन एक बार फिर से आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के साथ दिल्ली में भी आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी, जिसमें केंद्रीय और विभिन्न राज्यों के कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे।

राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष हरिकिशोर तिवारी का कहना है कि इस बार देशव्यापी हड़ताल की तैयारी है। 14 अक्टूबर को दिल्ली के रेलवे भवन में बैठक होने जा रही है, जिसमें राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के साथ ही रेलवे, आयकर, डाक के अलावा अलग-अलग राज्यों के कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी शामिल होंगे।

बैठक में कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल पर मंथन होगा। कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष बीपी मिश्र का कहना है कि सरकार पुरानी पेंशन को लागू करने में मनमानी कर रही है।

पुरानी पेंशन से कर दिया गया था बाहर
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जेएन तिवारी का कहना है कि एक जनवरी 2004 से पहले नियुक्ति पाए केंद्रीय कर्मचारियों की किन्ही कारणों से तैनाती में देरी हो गई तो उन्हें भी पुरानी पेंशन से बाहर कर दिया गया, लेकिन बाद में केंद्र सरकार ने ऐसे कर्मचारियों को राहत दी थी और कटऑफ डेट 2009 कर दी गई। इसे उत्तर प्रदेश में लागू नहीं किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button