डेरा प्रमुख छठी बार पैरोल पर बरनावा आश्रम पहुंचा

बिनौली (बागपत)। रोहतक की सुनारिया जेल से छठी बार 50 दिन की पैरोल पर डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह शुक्रवार रात बरनावा आश्रम पहुंच गया। उसके साथ हनीप्रीत व परिवार के सदस्य भी आए हैं।

डेरा प्रमुख ने लाइव आकर अनुयायियों से अपील करते हुए कहा कि रामजी का पर्व मनाया जा रहा है। आप सभी पर्व में शामिल होकर दीपावली की तरह मनाएं।

दुष्कर्म व हत्या के मामले में उम्र कैद की सजा काट रहे डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह को रोहतक की सुनारिया जेल से हरियाणा पुलिस सुरक्षा में लेकर शाम पांच बजे निकली।

गुरमीत सिंह को पुलिस की चार गाड़ियों की सुरक्षा में लेकर इंस्पेक्टर बिनौली शाह सतनाम सिंह आश्रम बरनावा में देर शाम 7.20 बजे पहुंचे। उसके आश्रम में प्रवेश करते ही मुख्य द्वार बंद कर दिया गया।

इंस्पेक्टर एमपी सिंह ने बताया कि पैरोल के नियमों का पालन करते हुए आश्रम में भीड़ नहीं जुटने दी जाएगी। डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह को सबसे पहले 30 दिन की पैरोल 17 जून 2022 को मिली, जिसके बाद वह बरनावा आश्रम में रहा। 18 जुलाई को वापस सुनारिया जेल चला गया। 88 दिन बाद फिर 15 अक्टूबर को दूसरी बार पैरोल मिल गई। 25 नवंबर को वह वापस सुनारिया जेल चला गया। 21 जनवरी 2023 को फिर तीसरी बार 40 दिन की पैरोल पर गुरमीत सिंह बरनावा आश्रम में आकर रहा।

तीन मार्च को पैरोल पूरी कर वापस सुनारिया जेल चला गया। चौथी बार फिर डेरा प्रमुख 20 जुलाई को 30 दिन की पैरोल पर बरनावा आश्रम पहुंचा। फिर 20 अगस्त को वापस जेल गया। 21 नवंबर को 21 दिन की फरलो पर पांचवी बार फिर बरनावा आया। 13 दिसंबर को वापस सुनारिया जेल गया।

Related Articles

Back to top button