वन विभाग ने की कांबिंग, नहीं मिले तेंदुए व पगचिन्ह

एक साथ तीन तेंदुए दिखने पर भागे जेई व मजदूर, मचा हड़कंप

निष्पक्ष प्रतिदिन

महमूदाबाद, सीतापुर: महमूदाबाद के मालसरॉय गांव के पास पानी की टंकी बना रहे मजदूरों द्वारा तीन तेंदुए देखे जाने की सूचना मिलने पर पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दहशत के माहौल में मजदूर भागकर प्राथमिक विद्यालय मालसरॉय पहुंचे और वहां तैनात प्रधानाध्यापक को पूरी बात बताई। प्रधानाध्यापक ने विभागीय उच्चाधिकारियों के साथ मामले की जानकारी वन रेंजर को दी। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों संग काम्बिंग शुरू की। शुक्रवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे प्राथमिक विद्यालय मालसराय के शिक्षक उत्कर्ष द्विवेदी ने बीईओ महमूदाबाद उदय मणि पटेल को फोन करके बताया कि उनके विद्यालय के पास गन्ने के खेत में तीन तेंदुए देखे गए हैं। स्कूल के पास बने पंचायत भवन के निकट पानी की टंकी का निर्माण चल रहा है। जेई जल निगम रंजीत सिंह कार्यस्थल पर आए थे।

उनके साथ राजगीर उमेश चौहान, दिनेश वर्मा, नंद किशोर यादव, बहादुर भार्गव सहित चार मजदूर थे। कार्य स्थल पर कार्य की प्रगति का रंजीत सिंह फोटो खींचने के साथ-साथ वीडियो बनाने लगे। तभी उनकी व मजदूरों की नजर सामने खेत की ओर पड़ी जहां तीन तेंदुए खड़े थे। वे वीडियो बनाने ही जा रहे थे कि तीनों तेंदुए उनकी ओर लपके। रंजीत सिंह व उनके मजदूर आनन-फानन में पंचायत भवन में घुस गए और अंदर से बंद कर लिया। पास ही स्थित प्राथमिक विद्यालय के स्टाफ को जानकारी दी। सूचना मिलने पर खण्ड शिक्षा अधिकारी उदय मणि पटेल प्राथमिक विद्यालय माल सराय पहुँच गए। मामले की जानकारी वन रेंजर बिक्रमवीर सिंह को उनके सीयूजी नंबर पर दी गई। रेंजर विक्रमवीर सिंह ने वन दरोगा निमिष चौहान के नेतृत्व में टीम को मौके पर भेजा। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के साथ आसपास खेतों में काम्बिंग की किंतु न तो तेंदुए दिखाई दिए और न ही पगचिह्न मिले। रेंजर विक्रमवीर सिंह ने बताया गुरुवार की रात में रामद्वारी और बघाइन गांव से तथा शुक्रवार की दोपहर मालसरॉय गांव से तेंदुआ देखे जाने की जानकारी मिली थी। सभी स्थानों पर टीम भेजी गई किंतु कहीं भी न तो टीम को तेंदुआ दिखा और न ही उसके पगचिह्न मिले हैं।

Related Articles

Back to top button