पेय जल संकट को लेकर दिल्ली भाजपा कल दिल्ली सचिवालय के बाहर करेगी प्रदर्शन

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि राजधानी की जनता पानी के लिए आज हाहाकार कर रही है लेकिन यह इस वक्त कृत्रिम संकट है। अरविंद केजरीवाल सरकार द्वारा भ्रष्टाचार करने के लिए पैदा किया गया है।

इसको लेकर दिल्ली भाजपा 31 मई को सुबह 10 बजे दिल्ली सचिवालय के बाहर अरविंद केजरीवाल सरकार के खिलाफ दिल्ली की जनता की आवाज उठाएगी।

गुरुवार को प्रेसवार्ता में दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि जलमंत्री आतिशी मार्लेना कह रही हैं कि हरियाणा सरकार उन्हें पानी नहीं दे रही है लेकिन वह हकीकत को छुपा रही है। कुछ दिन पहले ही दिल्ली सरकार फ्लड डिपार्टमेंट एवं जलबोर्ड के अधिकारी हथिनी कुंज बैराज गए थे, जहां पर हरियाणा सरकार के पदाधिकारी भी उपस्थित थे। वहां पानी को मापने के लिए लगे सिस्टम को चेक करने के बाद फ्लड डिपार्टमेंट एवं जलबोर्ड के अधिकारी संतुष्ट होकर लौटे, क्योंकि हरियाणा सरकार वायदे से अधिक पानी दिल्ली को सप्लाई कर रही है।

सचदेवा ने कहा कि समझौते के मुताबिक हरियाणा को 719 क्यूसेक पानी दिल्ली को भेजना है लेकिन हरियाणा प्रतिदिन 1049 क्यूसेक पानी दे रहा है। अब सवाल यह है कि आखिर जब वायदे से अधिक पानी दिल्ली को मिल रहा है तो फिर एक ही टाइम सप्लाई देने का क्या मतलब है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पानी बर्बाद हो रहा है और दिल्ली सरकार उस बर्बादी को रोकने में पूरी तरह से विफल रही है, इसलिए उन्होंने अपनी जिम्मेदारी को छुड़ाते हुए 2000 रुपये का जुर्माना लगाया है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि टैंकर माफिया को बढ़ावा देने का काम केजरीवाल सरकार कर रही है और दिल्ली में पानी की आपूर्ति के लिए टैंकरों की संख्या बढ़ाई जाएगी लेकिन वह संख्या सिर्फ कागजों में ही रहेगी। हर गाड़ी के चक्कर के जो पैसे बचेंगे और वह नीचे से ऊपर तक के जल मंत्री से जलबोर्ड अधिकारियों के कार्यालय में बटेंगे।

Related Articles

Back to top button