देहरादून: सड़क हादसे में वन विभाग के दो रेंज अधिकारियों समेत चार की मौत…

देहरादून: ऋषिकेश में एक दर्दनाक हादसे में वन विभाग के दो रेंज अधिकारियों समेत चार की मौत हो गई। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और एक कर्मी लापता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व वन मंत्री सुबोध उनियाल ने हादसे पर शोक जताया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन विभाग के अधिकारी नई इलेक्ट्रिक गाड़ी का ट्रायल कर रहे थे। गाड़ी में वन विभाग के अधिकारी सवार थे। ट्रायल के दौरान सभी गौहरी रेंज जा रहे थे। चीला मार्ग पर अचानक गाड़ी का टायर फटने से गाड़ी अनियंत्रित हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।


इस हादसे में रेंज अधिकारी शैलेश घिल्डियाल, उप वन क्षेत्राधिकारी प्रमोद ध्यानी, सैफअली खान और कुलराज सिंह की मौत हो गई जबकि वाहन चालक हिमांशु गुसाईं, अंकुश, अमित सेमवाल और अश्विनी के अलावा राकेश नौटियाल (पशु चिकित्सा अधिकारी, राजाजी नेशनल पार्क) गंभीर रूप से घायल हो गए।

वहीं, राजाजी नेशनल पार्क के वन्य जीव प्रतिपालक आलोकी के चीला नहर में गिरने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल वह लापता हैं। सभी घायलों को ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेंजर शैलेश घिल्डियाल पीएमओ ऑफिस में सचिव एवं पूर्व जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल के भाई बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

मृतक
1- शैलेश घिल्डियाल (रेंज अधिकारी)
2- प्रमोद ध्यानी (उप वन क्षेत्राधिकार)
3- सैफ अली खान पुत्र खलील उल रहमान
4- कुलराज सिंह


घायल
1- हिमांशु गोसाई पुत्र गोविंद सिंह (वाहन चालक)
2- राकेश नौटियाल राजाजी नेशनल पार्क
3- अंकुश
4- अमित सेमवाल (चालक)
5- अश्विन बिजू (24 वर्ष) (चालक)

लापता1- आलोकी (वन्य जीव प्रतिपालक)

चीला शक्ति नहर बंद कराईराजाजी टाइगर रिजर्व में कार दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन की ओर से चीला शक्ति नहर को बंद करा दिया गया है। चीला शक्ति नहर में राजाजी टाइगर रिजर्व की वन्यजीव प्रतिपालक आलोकी के गिरने के बाद एसडीआरएफ की ओर से शक्ति नहर में सर्च अभियान चलाया जा रहा था। रात करीब 7:45 बजे प्रशासन की ओर से शक्ति नहर को बंद कर दिया गया है। पशुलोक बैराज कंट्रोल रूम से बताया गया कि शक्ति नहर को बंद कर दिया गया है, अग्रिम आदेशों तक नहर बंद रहेगी।

सीएम ने शोक जताया, विस्तृत जांच के आदेश
देहरादून, अमृत विचार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चीला रेंज में हुए हादसे में वन विभाग के कार्मिकों की आकस्मिक मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने वाहन दुर्घटना में मारे गये कार्मिकों की आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार जनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है। वहीं, विभागीय मंत्री सुबोध उनियाल ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग ने मेहनती और प्रतिभावान कर्मियों को खो दिया।

Related Articles

Back to top button