उप्र में दीपावली की धूम, मुख्यमंत्री योगी ने दी शुभकामनाएं

लखनऊ। प्रदेश भर में दीपावली पर्व उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी है और प्रदेश के विकास की कामना किया है।

प्रदेश सरकार के विभिन्न मंत्रियों ने प्रदेशवासियों को लक्ष्मी पूजन दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दिया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने लिखा है कि प्रभु श्रीराम और माता जानकी की कृपा से यह पावन पर्व आप सभी प्रदेश वासियों के जीवन को सुख, समृद्धि, आरोग्य और सौभाग्य के धवल प्रकाश से दीप्त करे।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पर लिखा है कि समस्त देश और प्रदेश वासियों को आस्था, हर्षोल्लास और प्रकाश के महापर्व दीपोत्सव की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। इस पावन पर्व पर मां लक्ष्मी जी और श्री गणेश जी आप सभी के जीवन में सुख,समृद्धि और शांति की वर्षा करें।

प्रदेश भर दीपोत्सव पर्व को लेकर बाजारों में एक सप्ताह पहले ही चहल पहल बढ़ गई थी। लोगों ने जमकर खरीदारी किया। प्रदेश के बड़े महानगरों लखनऊ, कानपुर, गाजियाबाद, गोरखपुर, मेरठ, वाराणसी आदि शहरों में व्यावसायिक और रिहायशी इलाकों में खूबसूरती से बिजली और दीयों की सजावट की गई है। लखनऊ समेत सभी महानगरोंं में सरकारी कार्यालयों को बिजली के झालरों से सजाया गया है। तो वहीं लोगों ने भी अपने प्रतिष्ठानों, दुकानों को बिजली की रंगबिरंगी झालरों और फूलों से सजाया है।

दीपावली पर्व पर माता लक्ष्मी, गणेश और भगवान कुबेर की पूजा के साथ शहरी क्षेत्रों में शानदार आतिशबाजी का नजारा भी दिखाई दे रहा है। लोग एक दूसरे को बधाई दे रहे हैं। कार्तिक मास में प्रत्येक अमावस्या को माता लक्ष्मी और भगवान गणेश का पूजन कर सुख समृद्धि की कामना किया जाता है। इस बार यह पर्व 12 नवम्बर को देशभर में मनाया जा रहा है।

इस अवसर पर प्रदेश में इसे लेकर सरकारी स्तर पर काफी तैयारियां पहले ही कर ली गई थी। लोगों के आवागमन के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग ने विशेष बसों के संचालन के साथ ही चालकों और परिचालकों के लिए बसों के संचालन पर प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा किया है। जबकि प्रदेश भर में अबाध विद्युत आपूर्ति के लिए विभाग ने पहले से ही तैयारियां शुरु की गई थी।

Related Articles

Back to top button