ससुराल गए दामाद की संदिग्ध हालात में मौत, परिजनों ने बताई हत्या

हमीरपुर : ससुराल गए दामाद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसकी बाइक भी गायब है। मृतक के परिजनों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि अभी तक तहरीर नहीं दी गई है।
सदर कोतवाली के चंदुलीतीर गांव निवासी 24 वर्षीय राजेलाल उर्फ राजन की शादी करीब डेढ़ साल पूर्व मौदहा कोतवाली के छिरका गांव निवासी रामबाबू की पुत्री सोनम के साथ हुई थी। अभी दंपति के कोई औलाद भी नहीं है। राजेलाल की मां लक्ष्मी देवी ने बताया की दीपावली से एक दिन पूर्व बहू सोनम पति से झगड़कर अपने मायके चली गई थी। दूसरे दिन रविवार को दीपावली का त्योहार था। उसी दिन राजेलाल ने उससे कुछ पैसे मांगें और ससुराल जाने की बात कहते हुए बाइक से दोपहर को घर से निकल गया। ससुराल पहुंचने के बाद उसका ससुरालियों से विवाद हुआ। उसी दिन राजेलाल छिरका से वापस घर को चला था, लेकिन यहां नहीं पहुंचा।


राजेलाल के चाचा मोहनलाल ने बताया कि उन्हें पुलिस से सूचना मिली कि राजेलाल को घायलावस्था में जिला अस्पताल भेजा गया है। जब वह लोग अस्पताल पहुंचे तो राजेलाल का सिर्फ शव मिला। उसके शरीर में चोटें के निशान थे। उसकी बाइक के बारे में भी कोई सूचना नहीं मिली है। चाचा का कहना है कि राजेलाल को ससुरालियों ने मारापीटा है, जिससे उसकी मौत हुई है। पोस्टमार्टम हाउस में भी ससुराल पक्ष का कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। राजेलाल की मां लक्ष्मी देवी ने बताया कि रक्षाबंधन वाले दिन भी उसका पुत्र अपनी ससुराल छिरका गया था। उस दिन भी उसे ससुरालियों ने बुरी तरह से मारापीटा था, जिससे उसका सिर फट गया था। तब किसी तरह मामले को निपटाया गया था। ससुराली शुरू से ही दबाव बनाए हुए थे। बहू भी आए दिन झगड़ा करती थी। राजेलाल मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। वह अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था।

Related Articles

Back to top button