निर्माणाधीन पुल में काम करने वाले मजदूर की बेतवा नदी में डूबने से मौत

हमीरपुर : थाना ललपुरा के मोराकांदर गांव में बेतवा नदी में निर्माणाधीन पुल में काम करने वाला मजदूर शुक्रवार की दोपहर ढाई बजे नहाते समय गहराई में डूब गया। उसे डूबता देख साथियों ने शोर-शराबा कर लोगों को एकत्र कर लिया। लेकिन थोड़ी ही देर में मजदूर नदी की गहराई में समा गया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद मजदूर का शव नदी से बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी पहुंचा दिया है। मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।

जनपद शाहजहांपुर के बरिया लालपुर निवासी 35 वर्षीय विवेक थाना ललपुरा के मोराकांदर गांव में बेतवा नदी में निर्माणाधीन पुल में काम कर रहा है। शुक्रवार को विवेक दिन के ढाई बजे के आसपास नदी में नहाते समय गहराई में डूब गया। उसे डूबता देख अन्य मजदूरों ने शोर-शराबा कर लोगों को एकत्र कर लिया, लेकिन तब तक विवेक नदी की गहराई में समा चुका था। स्थानीय गोताखोरों की मदद से विवेक की नदी में खोजबीन शुरू की गई। प्रधान प्रतिनिधि बदलू प्रसाद ने थाना पुलिस को हादसे की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। नदी में चारों तरफ जाल डाला गया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद शाम साढ़े छह बजे के आसपास विवेक के शव को नदी से बरामद कर लिया गया। थानाध्यक्ष कल्पना सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी पहुंचा दिया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जाएगी।

Related Articles

Back to top button