भीड़ ने बता दिया मंडी की बेटियों का भाव: कंगना

मंडी। मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत ने मंगलवार को निर्वाचन अधिकारी अपूर्व देवगन के समक्ष अपना नामांकन पत्र भरने के बाद ऐतिहासिक सेरी मंच पर आयोजित जनसभा में कहा कि भीड़ ने विरोधियों को आज मंडी की बेटियों का भाव बता दिया है। अब बस चार जून का इंतजार है। मंडी की जीत की चर्चा दिल्ली में भी होगी।

कंगना ने सेरी मंच से दिया संबोधन
कंगना ने कहा कि वह हमेशा हिमाचल की जड़ों से जुड़ी रहेंगी। गिलहरी बनकर काम करूंगी। साल 2029 में देश में महिलाओं का बोलबाला होगा। महिला सम्मान के लिए यह स्वर्णिम युग होगा

मोदी ने बड़ी काशी और मैंने आज छोटी काशी से नामांकन किया है। अपनी मातृ और जन्मभूमि सेरी के ऐतिहासिक मंच से पहली बार अपना संबोधन दे रही हूं।

2014 से पहले लोग कश्मीर से डरते थे: कंगना
यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है। कांग्रेस ने देश के पहले गृह मंत्री सरदार पटेल के याेगदान को भुला दिया था। भाजपा ने उन्हें मान सम्मान दिया। राम मंदिर का निर्माण करवा लोगों की भावनाओं का सम्मान किया। 2014 से पहले लोग कश्मीर जाने से डरते थे। अनुच्छेद 370 हटने के बाद कश्मीर में पर्यटकों का तांता लगा है। यह सब पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व से संभव हुआ है।

आज पाक अधिकृत कश्मीर की जनता भारत से मिलने के लिए सड़क पर आंदोलनरत है। कंगना ने कहा कि परवाणु बम की धमकी देने वाले इस बात को क्यों भूल रहे हैं कि भारत ने भी दीवाली मनाने के लिए बम नहीं बनाए हैं। वह हिमाचल के खानपान और वेशभूषा को बढ़ावा देंगी। मनाली में कूड़ा निस्तारण पर काम होगा।

मंडी तक रेल पहुंचाने और बल्ह में हवाई अड्डे के निर्माण का प्रयास होगा। उन्होंने मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए पहली जून को भाजपा के पक्ष में बढ़चढ़ कर मतदान करने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button