उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भगवान केदारनाथ और बदरीनाथ के किए दर्शन

केदारनाथ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को सपरिवार भगवान केदारनाथ एवं बदरीनाथ के दर्शन किये। सबसे पहले वह हेलीकॉप्टर से सुबह सवा दस बजे केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां हेलीपैड पर मंदिर समिति एवं तीर्थ पुरोहितों ने उप मुख्यमंत्री पाठक का स्वागत किया।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक केदारनाथ मंदिर पहुंचे और भगवान केदारनाथ का जलाभिषेक कर लोककल्याण की कामना की। दर्शन के पश्चात बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की ओर से प्रभारी अधिकारी/अधिशासी अभियंता अनिल ध्यानी ने उप्र के उप मुख्यमंत्री का स्वागत कर बाबा केदारनाथ का प्रसाद भेंट किया। उप मुख्यमंत्री को प्रभारी अधिकारी ने केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी भी दी।

केदारनाथ में दर्शन के पश्चात उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बदरीनाथ धाम पहुंचे और भगवान बदरीनाथ के दर्शन किए।

बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि श्री केदारनाथ मंदिर में दर्शन के पश्चात दोपहर को उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बदरीनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर लोककल्याण की कामना की। मंदिर में दर्शन के तत्पश्चात मंदिर समिति ने उन्हें भगवान बदरीनाथ धाम का प्रसाद भेंट किया। बदरीनाथ में अल्प विश्राम के बाद वह देहरादून रवाना हो गए।

Related Articles

Back to top button