पंप कैनाल से पानी न मिलने पर सूख रही है किसानों की फसल

हमीरपुर : कुरारा विकास खंड क्षेत्र के उमराहट ग्राम पंचायत के मजरा भैदनडेरा ग्राम स्थित बिलौटा पंप कैनाल से किसानों को गेंहू की फसल की सिंचाई के लिए पानी न मिल पाने से फसल सूख रही है। जिससे किसान परेशान हैं।
क्षेत्र के उमराहट ग्राम पंचायत के मजरा भैदनडेरा में बिलौटा पंप कैनाल स्थित है।
यमुना नदी से पानी नहर द्वारा सिंचाई के लिए मनकी खुर्द, मनकी कला, उमराहट, हरौलीपुर,भैदन डेरा आदि गांव के किसानो को मिलता है। हरौलीपुर गांव निवासी किसान बद्री विशाल, प्रेमचंद्र, अमित, अंकित, राजू, पवन रविचंद्र, अश्वनी कुमार आदि ने बताया कि 6 फरवरी को कर्मचारियों ने कैनाल की मोटर खोल दिया था। एक पंप से पानी की सप्लाई की जा रही है। जिससे सिंचाई को लेकर किसानो में आपस में विवाद हो रहा है तथा गेंहू की फसल सूख रही है। इस से किसान सिंचाई के लिए परेशान घूम रहे हैं। पंप कैनाल में तीन मोटर पंप से सिंचाई के पानी की सप्लाई की जाती है। लेकिन अभी केवल एक पंप से ही पानी दिया जा रहा है। जिससे किसानो को समय से गेंहू की फसल को पानी नहीं मिल पा रहा है। फसले सिंचाई के अभाव में सूखने की कगार पर पहुंच गई है ऐसे में उत्पादन पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा। किसानो ने अधिशाषी अभियंता पंप कैनाल से मांग की है कि पंप कैनाल को पूरी क्षमता से चलाई जाए जिससे सभी किसानो को समय से सिंचाई के लिए पानी मिल सके।

Related Articles

Back to top button