कांग्रेस नेता राहुल गांधी रायबरेली और वायनाड सीट में से किसको छोड़ेंगे

तिरुअनंतपुरम। कांग्रेस नेता राहुल गांधी रायबरेली और वायनाड सीट में से किसी को छोड़ेंगे यह तो पक्का है। मगर किस सीट को छोड़ेंगे इस पर संशय बरकरार है। कहा जा रहा है कि सोमवार को राहुल गांधी किसी एक सीट को छोड़ने का एलान कर सकते हैं। कांग्रेस के सूत्रों ने कहा कि वह सोमवार को फैसला बताएंगे।

लाखों वोटों से दर्ज की जीत
राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट से 390030 और केरल की वायनाड सीट से 364422 मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी। गांधी ने 2019 का लोकसभा चुनाव भी वायनाड से जीता था। मगर अमेठी में स्मृति ईरानी के सामने हार का मुंह देखना पड़ा था।

गांधी परिवार का गढ़ है रायबरेली
रायबरेली गांधी परिवार का गढ़ है। फिरोज गांधी से लेकर इंदिरा गांधी और बाद में सोनिया गांधी ने 2004 से 2024 तक यहां का प्रतिनिधित्व किया। सोनिया गांधी ने इस बार लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा। उन्होंने अपनी सीट से राहुल गांधी को चुनाव मैदान में उतारा था।

राहुल बोले- फैसले से सभी खुश होंगे
बुधवार को राहुल गांधी केरल के वायनाड पहुंचे थे। यहां उन्होंने अपने मतदाताओं का शुक्रिया अदा किया और कहा कि वह इस दुविधा में थे कि कौन सी सीट बरकरार रखें और कौन सी छोड़ दें? राहुल ने कहा कि वह जो भी फैसला लेंगे, उससे सभी खुश होंगे।

वायनाड से चुनाव लड़ सकतीं प्रियंका!
राहुल गांधी के बयान के बाद अटकलें तेज हो गई हैं कि उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को वायनाड के मैदान में उतारा जा सकता है। बुधवार को कलपेट्टा में एक जनसभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व कन्नूर से लोकसभा सदस्य के. सुधाकरन ने कहा कि राहुल गांधी पार्टी के व्यापक हित में वायनाड सीट खाली करेंगे।

वायनाड लोकसभा क्षेत्र के वंडूर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले कांग्रेस विधायक व पूर्व राज्य मंत्री एपी अनिल कुमार ने कहा कि वे सभी चाहते हैं कि राहुल गांधी वायनाड सीट बरकरार रखें।

Related Articles

Back to top button