मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से हिमाचल को विशेष आर्थिक पैकेज देने की मांग की

शिमला । मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से हिमाचल प्रदेश में बारिश से हुई त्रासदी को ‘राष्ट्रीय आपदा’ घोषित करने की मांग की है। उन्होंने प्रदेश को पटरी पर लाने के लिए राज्य को विशेष आर्थिक पैकेज देने का भी आग्रह किया है।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से जी-20 शिखर सम्मेलन के अतिथियों के सम्मान में नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित रात्रि भोज में भाग लिया था। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी मुलाकात की और उनसे प्रदेश हित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा भी की। सुक्खू ने प्रधानमंत्री को प्रदेश में भारी बारिश के कारण आई आपदा से हुए नुकसान के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी और उनसे प्रदेश में हुई त्रासदी को ‘राष्ट्रीय आपदा’ घोषित करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि गत दो महीनों में भारी बारिश, भू-स्खलन और बाढ़ के कारण प्रदेश में चार सौ से अधिक लोगों ने अपनी जान गंवाई है और 13 हजार से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा है, जिस कारण हजारों परिवार बेघर हो गए हैं। उन्होंने बताया कि इस प्राकृतिक आपदा के कारण प्रदेश को 12 हजार करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से कहा कि इस आपदा से उबरने के लिए प्रदेश को केंद्र की ओर से आर्थिक पैकेज की आवश्यकता है। आपदा के कारण प्रदेश में हुए अभूतपूर्व नुकसान के दृष्टिगत मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि भुज और केदारनाथ मेें आई आपदा की तर्ज पर हिमाचल को भी विशेष राहत पैकेज दिया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के उठाए गए प्रदेश हित के मुद्दों को ध्यान से सुना और प्रदेश की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।

Related Articles

Back to top button