बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी-20 की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना

G20 Summit 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार करीब 18 महीने बाद एक मंच पर आमने-सामने नजर आएंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी-20 की बैठक में शामिल होने आज दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। सीएम के साथ मंत्री संजय झा भी दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं।

बैठक के बाद राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू की ओर से दिए गए रात्रि भोज में मोदी-नीतीश एक साथ नजर आएंगे। इधर, जदयू इस दौरे को सियासत से अलग बता रही है। वहीं बीजेपी का कहना है कि मुख्यमंत्री जब जागे तभी सवेरा।

2022 में हुई थी मुलाकात
इस बीच सबसे खास बात ये रहेगी कि सीएम नीतीश डेढ़ साल बाद पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे। दोनों की मुलाकात बीते साल 2022 में हुई थी। उत्तर प्रदेश सीएम योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह में सीएम नीतीश कुमार और पीएम मोदी एक दूसरे के साथ दिखे थे।

यह कार्यक्रम 25 मार्च 2022 को लखनऊ में हुआ था। 25 मार्च 2022 के बाद यह पहला मौका होगा जब दोनों आमने सामने होंगे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तकरीबन 28 घंटे दिल्ली में रहेंगे। वह रविवार को दोपहर 1 बजकर 20 मिनट की फ्लाइट से पटना वापस लौट आएंगे।

Related Articles

Back to top button