मुख्यमंत्री ने बांका में 14 करोड़ की लागत से बने मॉडल अस्पताल भवन का किया उद्घाटन

पटना । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को बांका सदर अस्पताल परिसर में 13 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित मॉडल अस्पताल भवन का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने मॉडल अस्पताल भवन का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं, चिकित्सकों के आवासन, निःशुल्क दवा वितरण आदि के संबंध में जानकारी ली।

सदर अस्पताल बांका के परिसर में स्थित ओपीडी आयुष ब्लॉक का मुख्यमंत्री ने जायजा लिया। आयुष ब्लॉक में मरीजों के लिए उपलब्ध निःशुल्क दवाएं एवं मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं आदि के संबंध में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सहायता केंद्र पर स्वास्थ्य मित्र के रूप में सेवारत जीविका दीदियों से बातचीत की।

मुख्यमंत्री ने जीर्णोद्धार कराए गए इंडोर स्टेडियम, बांका का भी निरीक्षण किया। साथ ही यहां प्रैक्टिस कर रहे बैंडमिंटन खिलाड़ियों से बातचीत की। खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह हमलोगों के लिए काफी उपयोगी और सुविधाजनक है। हम सभी आपका स्वागत करते हैं और इसके लिए आपके प्रति आभार व्यक्त करते हैं। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से कहा कि पढ़ना काफी आवश्यक है लेकिन इसके साथ खेलकूद भी बहुत जरूरी है। इससे शारीरिक एवं मानसिक विकास ठीक ढंग से होता है। आप सब मन लगाकर पढिए, खेलिए और आगे बढिए। इस दौरान स्थानीय महिला कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने आरएमके हाई स्कूल, बांका परिसर स्थित डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने वहां अध्ययनरत विद्यार्थियों से वार्ता कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि हिंदी काफी महत्वपूर्ण भाषा है। हमारी इच्छा है और हम बराबर कहते भी रहते हैं कि हिंदी भाषा का अधिक से अधिक प्रयोग करें। सरकारी भवनों पर अंग्रेजी की जगह हिंदी भाषा ही अंकित कराएं। अंग्रेजी भाषा भी आवश्यक है लेकिन हमारी सरकारी भाषा हिंदी और उर्दू है।

मुख्यमंत्री ने ”जीविका” बांका द्वारा संचालित गतिविधियों से संबंधित लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत 226 दीदियों के व्यवसाय के लिए 83 लाख 65 हजार रुपये का चेक एवं 2706 जीविका महिला स्वयं सहायता समूहों को 81 करोड़ 64 लाख रुपये का चेक जीविका दीदियों को प्रदान किया ।

बांका जिला में आयोजित कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री ने जमुई जिले के सोनो प्रखंड स्थित बरनार नदी पर निर्मित क्षतिग्रस्त कॉजवे का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जमुई जिला के सोनो प्रखंड स्थित बरनार नदी पर निर्मित सोनो-चुरत पुल बीते दिनों तेज बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसका मुख्यमंत्री ने जायजा लिया।

 

Related Articles

Back to top button