छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव: पाटन से भूपेश बघेल और अंबिकापुर से सिंहदेव लड़ेंगे चुनाव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने राज्य में सत्ता बरकरार रखने के लिए पुराने नेताओं पर भरोसा जताने के साथ ही नये चेहरों को भी मौका देने की कोशिश की है। राज्य में अगले महीने की सात और 17 तारीख को दो चरणों में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने रविवार को 30 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी, जिसमें 22 मौजूदा विधायकों के नाम भी शामिल हैं। सूची में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव, विधानसभा अध्यक्ष चरण दास महंत समेत सभी मंत्रियों को स्थान दिया गया है। पार्टी ने अपने प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक बैज को भी चुनाव मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने आठ मौजूदा विधायकों का टिकट काट दिया है और छह नये चेहरों को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है। पहली सूची की 30 सीटों में से 14 अनुसूचित जनजाति (एसटी) और तीन अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित हैं। अन्य 13 सामान्य सीटों में से नौ पर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है।
पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार, मुख्यमंत्री बघेल अपने वर्तमान विधानसभा क्षेत्र पाटन से ही चुनाव लड़ेंगे, जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार और उनके रिश्तेदार विजय बघेल उन्हें चुनौती दे रहे हैं। वहीं, उपमुख्यमंत्री सिंहदेव को भी उनके वर्तमान विधानसभा क्षेत्र अंबिकापुर से उम्मीदवार बनाया गया है। राज्य के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू को दुर्ग-ग्रामीण, विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत को सक्ती और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तथा मंत्री मोहन मरकाम को कोंडागांव से टिकट दिया गया है। पार्टी ने चित्रकोट विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक राजमन बेंजाम का टिकट काट दिया है। उनके स्थान पर बस्तर क्षेत्र के सांसद और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला लिया गया है। बैज ने चित्रकोट से 2018 का विधानसभा चुनाव जीता था, लेकिन 2019 में लोकसभा चुनाव में विजयी होने के बाद उन्होंने यह सीट खाली कर दी थी। कांग्रेस उम्मीदवार राजमन बेंजाम ने इस सीट पर हुए उपचुनाव में जीत हासिल की थी। पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के निर्वाचन क्षेत्र राजनांदगांव से उनके खिलाफ कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन को चुनाव मैदान में उतारा है। देवांगन मुख्यमंत्री बघेल के करीबी माने जाते हैं। कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में ही मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्रियों को शामिल किया है।

Related Articles

Back to top button