चंडीगढ़: आप-कांग्रेस ने गठबंधन पर लगाई मुहर…

चंडीगढ़। चंडीगढ़ में महापौर का चुनाव बेहद दिलचस्प होने वाला है। मेयर चुनाव गठबंधन में लड़ने को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के बीच सहमति बन गई है। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों ने कहा कि व्यवस्था के तहत आप महापौर की सीट के लिए लड़ेगी जबकि कांग्रेस वरिष्ठ उपमहापौर और उपमहापौर के पद पर चुनाव लड़ेगी। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब विपक्षी दलों के ‘इंडिया’ गठबंधन के दोनों घटक आप और कांग्रेस इस साल के लोकसभा चुनावों के लिए सीट बंटवारे पर बातचीत कर रहे हैं। आप और कांग्रेस ने 18 जनवरी को चंडीगढ़ महापौर चुनाव के लिए गठबंधन करने का फैसला किया है।

यह दोतरफा मुकाबला होने जा रहा है और विश्लेषकों का मानना है कि इससे दोनों दलों को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बढ़त मिलेगी। पैंतीस सदस्यीय चंडीगढ़ नगर निगम में भाजपा के 14 पार्षद हैं। पार्टी में एक पदेन सदस्य सांसद भी होता है जिसके पास मतदान का अधिकार होता है। आप के 13 और कांग्रेस के सात पार्षद हैं।

सदन में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) का एक पार्षद है। महापौर, वरिष्ठ उपमहापौर और उपमहापौर पद के लिए बृहस्पतिवार को मतदान होगा। कांग्रेस ने 2022 और 2023 में मतदान में भाग नहीं लिया था जिससे महापौर के चुनाव में भाजपा की जीत हुई। सदन के पांच साल के कार्यकाल के दौरान हर साल तीन पदों के लिए चुनाव होते हैं। इस साल महापौर की सीट अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के लिए सुरक्षित है।

Related Articles

Back to top button