‘बुलडोजर’ का जवाब ‘संविधान’ से देगी जनता: तनुज पुनिया

संविधान की किताब लेकर नामांकन स्थल पहुंचे गठबंधन प्रत्याशी तनुज पुनिया

सादगी से किया नामांकन, मौजूद रहे सपा, कांग्रेस व अन्य दलों के कार्यकर्ता

बाराबंकी। देश में ‘संविधान बचाओ’ का नारा नया नहीं है। हां यह सही है कि जो विपक्ष में रहता है उसे संविधान की चिंता कुछ ज्यादा ही रहती है। इस बार तो इंडिया गठबंधन लगातार संविधान बचाने को लेकर जनता के बाद मुखर है। वहीं भाजपा का दावा है कि अगर इंडिया गठबंधन की सरकार केन्द्र में बनती है तो संविधान में जो हक पिछड़ों और दलितों को मिला है वो खतरे में पड़ जाएगा। ऐसे में मतदाता किसकी बात पर यकीन करे, उसके लिए मुष्किल हो गई है। बहरहाल, बुधवार को इंडिया गठबंधन से कांग्रेस उम्मीदवार तनुज पुनिया ने भारतीय संविधान की किताब अपने हाथ में लेकर लोकसभा सदस्य पद पर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। बिना किसी हो हल्ला, रैली या प्रदर्शन के कांग्रेस प्रत्याशी तनुज पुनिया दोपहर 12 बजे जिला निर्वाचन कार्यालय पहुंचे। इस दौरान सदर विधायक धर्मराज सिंह यादव, पूर्व सांसद राम सागर रावत और पूर्व प्रमुख सुरेन्द्र सिंह वर्मा की मौजूदगी में कांग्रेस प्रत्याशी ने अपना नामांकन फॉर्म जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येन्द्र कुमार को सौंपा। नामांकन दाखिल करने के बाद तनुज पुनिया मीडिया से भी मुखातिब हुए। श्री पुनिया ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा 400 सीट इसीलिए जीतना चाहती है ताकि वह संविधान को बदल सके। आरक्षण खत्म कर सके। लेकिन कांग्रेस और इंडिया गठबंधन में शामिल लोग बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर के संविधान से कोई छेड़छाड़ नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जो बुलडोजर नीति है वह गलत है। देश बुलडोजर से नहीं बल्कि संविधान से चलता है। इस बार लोकसभा चुनाव में जनता बुलडोजर का जवाब संविधान से देगी। जनता अपने मताधिकार का प्रयोग करके केन्द्र की सत्ता बदलने जा रही है। श्री पुनिया ने कहा कि यह लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। संविधान को बचाने का चुनाव है। आम लोगों के अधिकारों को दिलाने का चुनाव है। उनकी स्वतंत्रता के हनन को बचाने का चुनाव है। इस चुनाव में इंडिया गठबंधन के साथ जनता ने सत्ता परिवर्तन का विश्वास दिलाया है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब आंबेडकर ने जो संविधान दिया है उसके हिसाब से हक और सम्मान मिल जाए तो समाज बहुत आगे बढ़ता दिखाई देगा। उन्होंने नौजवानों का आह्वान किया कि वह भाजपा से उम्मीद छोड़ दें, 2024 में हम सब मिलकर सबक सिखाएंगे।

इंडिया गठबंधन ने बनाई चुनावी रणनीति

बाराबंकी। जिले से गठबंधन प्रत्याशी तनुज पुनिया के नामांकन में सपा-कांग्रेस समेत कई सहयोग दलों के प्रमुख नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। बुधवार को सिविल लाइन स्थित मोहसिना कोठी पर आयोजित नामांकन सभा के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद डॉ. पी.एल पुनिया ने पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व मंत्री नकुल दुबे, सपा राष्ट्रीय सचिव व पूर्व मंत्री अरविन्द कुमार सिंह गोप, पूर्व मंत्री व विधायक हाजी फरीद महफूज किदवई, पूर्व सांसद रामसागर रावत, एनसीपी शरद चन्द पवार के प्रदेश अध्यक्ष धनंजय शर्मा, शिवसेना उद्धव ठाकरे के जिला प्रभारी मनोज विद्रोही, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह समेत अन्य दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं से चुनावी रणनीति पर चर्चा की। इसके बाद कार्यकर्ताओं तनुज पुनिया का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। नामांकन के दौरान इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय चुनाव कार्यालय पर चुनावी रणनीति बनाई जाती रही।

पीडीए परिवार से घबराई भाजपा: सुरेन्द्र वर्मा

बाराबंकी। भाजपा पीडीए परिवार और इंडिया गठबंधन से घबरा गई है। लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की सीटें लगातार बढ़ रही है। जिससे भाजपा खेमा परेशान है। देश में आरक्षण की जो मूल भावना थी यह सरकार उससे भी खिलवाड़ कर रही है। ऐसे में संविधान की रक्षा के लिए लोकसभा चुनाव में पीडीए ही एनडीए को हराएगा। यह बात बुधवार को कांग्रेस प्रत्याशी तनुज पुनिया के नामांकन में प्रस्तावक की भूमिका में नज़र आए पूर्व प्रमुख एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेन्द्र सिंह वर्मा ने कही। श्री वर्मा ने कहा कि सपा सरकार में निर्धन परिवारों को बिना किसी भेदभाव के पेंशन, राहत पैकेट व लैपटॉप वितरित किए। यदि भाजपा को सच्चाई जाननी है तो वह मेधावी बच्चों से मुलाकात करे। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में पीडीए ने जीत हासिल की है। इसी तरह जनता लोकसभा चुनाव में भी भाजपा को हरा देगी। यह तभी संभव होगा जब चुनाव में पीडीए की एकजुटता नज़र आएगी।

तनुज ने महापुरूषों को किया नमन

बाराबंकी। नामांकन करने से पूर्व इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी तनुज पुनिया ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, सरदार बल्लभ भाई पटेल, महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, बाबू जगजीवन राम, राम सेवक यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा की प्रतिमा को नमन कर मार्ल्यापण किया। इस दौरान उन्होंने गांधी भवन में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं प्रखर समाजवादी नेता स्व. मधु लिमये की जयन्ती पर उन्हें नमन करते हुए बताया कि मधु लिमये का संसदीय जीवन संघर्ष, साहस और सक्रियता की मिसाल है। वह समाजवादी आन्दोलन के शिखर पुरूष रहे है। इस मौके पर पूर्व सांसद डा0 पी.एल. पुनिया, पूर्व सांसद राम सागर रावत, विधायक धर्मराज सिंह यादव, पूर्व मंत्री नकुल दूबे, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व मंत्री विधायक फरीद महफूज किद्वाई, पूर्व मंत्री अरविन्द सिंह गोप, पूर्व विधायक राममगन रावत, राम गोपाल रावत, रतनलाल, पूर्व विधायक सरवर अली खान, पूर्व एमएलसी अरविन्द यादव, पूर्व प्रमुख सुरेंद्र वर्मा, दिनेश वैश्य, हाफिज अयाज, मो0 मोहसिन, नईम सिद्दीकी, शाहना सिद्दीकी, शिवशंकर शुक्ला, जंग बहादुर पटेल, शिव बहादुर वर्मा, रणधीर सिंह सुमन, मनोज विद्रोही, सुरेश गौतम, सरजू शर्मा, डीडीसी चक्खन यादव, वीरेन्द्र प्रधान आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button