जमुरिया नाले पर अवैध निर्माण कर रह रहे लोगों पर चलेगा बुलडोजर

बाराबंकी। जमुरिया नाले की जमीन पर बने पक्के निर्माण पर जिला प्रशासन का बुलडोजर चलने को तैयार है। जिला प्रशासन ने जमुरिया नाले के किनारे बसे 400 अवैध कब्जा करने वाले लोगों को नोटिस भेजकर अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी है। जिसके बाद बड़ी संख्या में जमुरिया किनारे पक्का निर्माण कर रह रहे लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। बता दें कि पिछली बरसात में जमुरिया उफ़नाने के बाद शहर के ज्यादातर रिहायशी इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए थे। जिसे संज्ञान लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं इस मामले की विस्तृत रिपोर्ट जिले से मांगी थी। इसके बाद तेजी से यहां की जांच कराई गई। जिसमें 188 लोगों का चिन्हीकरण किया गया। जोकि नाले पर अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कर चुके थे। लेकिन जिला प्रशासन ने यहां छोटा और बड़ा पक्का निर्माण कर चुके 400 लोगों को नोटिस भेजी है। तहसील कर्मचारी भी लगातार जमुरिया नाले के निकट रह रहे लोगों को कब्जेदारी के प्रति सचेत कर रहे है। जानकारी के मुताबिक अवैध कब्जा हटाने के लिए लोगों को 7 दिन का मौका दिया गया है। यदि वह स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाते है तो उसे ढहा दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button