रेस्टोरेंट संचालक की ईंट-पत्थर से कुचलकर हत्या

मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र में मैदा मिल के पास दोस्तों ने ही रेस्टोरेंट संचालक विष्णु सैनी की ईंट-पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। उसका शव लाजपतनगर चौकी क्षेत्र स्थित कब्रिस्तान में लावारिस हालत में पड़ा मिला।

पुलिस ने पास में खड़ी स्कूटी की मदद से शव की पहचान कराकर परिजनों को बुलाया। फॉरेंसिक टीम के अलावा पुलिस के आला अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के छोटे भाई की तहरीर पर विष्णु के दो दोस्तों के खिलाफ पुलिस ने हत्या के आराेप में प्राथमिकी दर्ज करके पकड़ लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

यह है पूरा मामला
मझोला थाना क्षेत्र के शिवनगर जयंतीपुर निवासी 40 वर्षीय विष्णु सैनी शिवनगर में कन्फैक्सनरी की दुकान के साथ छोटा सा रेस्टोरेंट भी चलाते थे। छोटे भाई रमेश ने बताया कि सोमवार सुबह विष्णु घर से स्कूटी पर जनपद अमरोहा के सूदनपुर निवासी मामा सुरेश के यहां जाने की बात कह कर निकले थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे।

स्वजन उनकी तलाश करने में जुटे थे। रिश्तेदारों में उनके बारे में जानकारी कराई जा रही थी। इसी बीच कटघर पुलिस को सूचना मिली कि लाजपतनगर चौकी क्षेत्र में बंद पड़ी मैदा मिल के पास स्थित कब्रिस्तान में एक युवक का शव लावारिस हालत में पड़ा है। उसके पास में स्कूटी खड़ी हुई है।

प्रभारी निरीक्षक कटघर तेजवीर सिंह चौकी प्रभारी ब्रजेश कुमार को साथ लेकर मौके पर पहुंच गए। साथ ही आला अधिकारियों को भी जानकारी दे दी। कब्रिस्तान में शव औंधे मुंह शव पड़ा था। शव को सीधा किया तो चेहरे पर चोट के निशान थे।

पहले सीओ कटघर पहुंचे। इसके बाद देर शाम को एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया भी घटना स्थल पर पहुंच गए। स्कूटी के नंबर से पता निकाल कर पुलिस विष्णु के घर पहुंची। सूचना मिलते ही स्वजन ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। पुलिस को शव के पास से स्वजन को हटाना मुश्किल हो गया।

फोरेंसिक टीम ने बारीकी से निरीक्षण करके फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की। प्रभारी निरीक्षक ने स्वजन से बातचीत करके पता किया कि वह किसके साथ गए थे। प्रभारी निरीक्षक कटघर तेजवीर सिंह ने बताया कि मामले में विष्णु के भाई ने विष्णु के दोस्त अनिकेत और छोटू के खिलाफ हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

बताया यह जा रहा है कि शराब पीने के दौरान आरोपियों ने विष्णु की पत्नी को अपशब्द कह दिए थे। इसी को लेकर विवाद हो गया। तीनों नशे में थे। आरोपियों ने विष्णु की हत्या कर दी। पूरे मामले की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Back to top button