शादी से लौट रही बोलेरो का टायर फटने से पेड़ में टकराई, दो बेटियों संग मां की मौत

हमीरपुर : जरिया थानाक्षेत्र के राठ-चंडौत मार्ग पर तेज रफ्तार बोलेरो का अगला टायर फटने से गाड़ी अनियंत्रित होकर पलटने के बाद सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। जिसमें भाई की शादी संपन्न कराने के बाद लौट रही 35 वर्षीय बहन व दो मासूम भांजियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में मृतक का पति व 2 बच्चियां शामिल हैं। घायलों को सीएचसी सरीला में भर्ती कराया गया है। हादसा शुक्रवार की शाम छह बजे हुआ।

महोबा के श्रीनगर थाना क्षेत्र के लाड़पुर गांव निवासी 40 वर्षीय नीरज सिंह अपने साले पिपरा थाना श्रीनगर निवासी की बरात में 35 वर्षीय पत्नी आरती, आठ वर्षीय बेटी अनुष्का व छह वर्षीय राधिका के साथ जनपद जालौन के गुरु का इटौरा गांव में शादी में गए थे। शुक्रवार को शादी संपन्न होने के बाद बोलेरो से घर वापस आ रहे थे। इसमें एक ही परिवार के दस लोग बैठे थे। तभी अचानक राठ-चंडौत मार्ग के झबरा चौराहे पर बोलेरो का अगला टायर अचानक फट गया। जिससे वह अनियंत्रित होकर दो बार पलटी खाने के बाद पेड़ से जा टकराई। जिससे बोलेरो में सवार नीरज की पत्नी आरती, बेटी अनुष्का और राधिका की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक 52 वर्षीय मलखान यादव निवासी पिपरा, 15 वर्षीय राजवीर सिंह राजपूत निवासी करेजू नरसिंहगढ़ जिला दमोह एमपी, 15 वर्षीय मंजे सिंह चंदला मप्र, 25 वर्षीय अंकित सिंह, 40 वर्षीय नीरज, पांच वर्षीय दीपिका, तीन वर्षीय अनन्या गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी सरीला लाया गया। जिसमें अंकित, चालक मलखान की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कालेज उरई के लिए रेफर किया गया है। हादसे की जानकारी होने पर सीओ आशीष कुमार यादव, जरिया थानाध्यक्ष प्रिंस दीक्षित सहित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा। इंस्पेक्टर प्रिंस दीक्षित ने बताया कि गाड़ी का टायर फटने से घटना हुई है जिसमें तीन की मौत हो गई है। सात लोग घायल हैं। घायलों का उपचार कराया गया है। वहीं दो को रेफर कर दिया गया है। साथ ही क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटवा कर यातायात शुरू कराया गया है।

Related Articles

Back to top button