भाजपा के अहंकार को जनता ने खत्म कर दिया : अवधेश

2027 में सत्ता परिवर्तन के संकल्प के साथ हुआ नवनिर्वाचित सपा सांसद का भव्य स्वागत

रामसनेहीघाट, बाराबंकी। फैजाबाद लोकसभा की सुरक्षित सीट से नवनिर्वाचित सपा सांसद अवधेश प्रसाद रावत के प्रथम आगमन पर सपा नेता राजा रिंकू सिंह के नेतृत्व में सपाइयों ने स्वागत किया। रविवार को लोकसभा क्षेत्र के दरियाबाद विधानसभा अंतर्गत सिरौलीगौसपुर विकासखंड के सैदखानपुर में श्याम बिहारी वर्मा की बाग में सुबह 10 बजे स्वागत एवं धन्यवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसके उपरांत अपराह्न 1 बजे बनीकोडर ब्लाक के भिटारिया स्थित कृष्णा मैरिज हाल में स्वागत समारोह आयोजित हुआ। फिर दरियाबाद ब्लाक के खूबाका पुरवा चौराहा और पूरेडलई ब्लॉक के नवाबगंज बाजार में नवनिर्वाचित सांसद अवधेश रावत का स्वागत किया गया। तदोपरांत सायंकाल 7 बजे टिकैतनगर में जम्मू जैन के घर के पास स्वागत समारोह आयोजित किया गया। स्वागत समारोह के मौके पर नवनिर्वाचित सपा सांसद अवधेश प्रसाद रावत ने कहा कि उनकी जीत क्षेत्र की जनता की जीत है। दरियाबाद विधानसभा ने उन्हें भरी मतों से जिताकर संसद भेजा है।

क्षेत्र के विकास में कोई कोर कसर न छोड़े जाने का उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि किसानों का कर्ज न माफ करके बड़े उद्योगपतियों का कर्ज माफ किया गया। इससे किसान नाराज है। भाजपा की नीतियों से अब लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि डॉ भीम राव अंबेडकर के बनाए संविधान से देश चलेगा, हिंदू मुसलमान करने से नहीं। लोकसभा चुनाव में भाजपा ने सारे हथकंडे अपनाए, लेकिन कुछ कर नहीं पाए। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा विपक्ष में बैठने के लायक भी नहीं बचेगी। भाजपा के पतन की शुरुआत अयोध्या से हो गई है। श्री रावत ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लायेंगे। यह नारा पूरी तरह फेल हो गया। राम इस दुनिया में पहले से हैं और हर जगह हैं। राम सबके दिल में पहले से हैं। भाजपा के अहंकार को जनता ने खत्म कर दिया है।

2027 में सपा एक बड़ी जीत दर्ज करेगी। भाजपा विपक्ष में बैठने लायक भी नहीं बचेगी। उन्होंने कहा कि हमारे नेता अखिलेश यादव का विश्वास जनता के बीच बढ़ गया है। हमारी पार्टी देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। भाजपा ने चुनाव जीतने में सारे हथियार का इस्तेमाल किया। लेकिन, जनता ने सब कुछ नकार दिया। 2027 में सरकार ऐसी बनेगी कि भाजपा एक तिहाई सीट भी नहीं जीत पाएगी। भाजपा विपक्ष में बैठने लायक भी सीट नहीं पा सकेगी। इनका 2027 में सफाया हो जायेगा। इस मौके पर सपा नेता राजा रिंकू सिंह, उमानाथ यादव (सोनू यादव) राष्ट्रीय सचिव, अखिलेश वर्मा प्रदेश सचिव, जैसीराम रावत ब्लॉक अध्यक्ष, अम्बिका प्रधान, माता फेर रावत, शैलेन्द्र वर्मा, मिथलेश आचार्य, आंनद वर्मा, अभिषेक यादव, पूर्व डीडीसी प्रिंसु वर्मा आदि सैकड़ों सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button