भाजपा विधायकों से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण: पार्टी प्रदेशाध्यक्ष

बेलगावी। क्या कर्नाटक भाजपा के विधायक कांग्रेस की बैठक में शामिल हुए? क्या भाजपा को झटका लगने वाला है? ऐसे सवाल राजनीतिक गलियारों में मंडरा रहे हैं। इस बीच, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र का गुरुवार को बयान सामने आया जिसमें उन्होंने कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद आयोजित रात्रिभोज में भाजपा के तीन विधायकों के शामिल होने को गंभीर मामला बताया और कहा कि वह उनसे स्पष्टीकरण मांगेंगे।

क्या है पूरा मामला?
भाजपा के विधायक एस टी सोमशेखर, शिवराम हेब्बार और एमएलसी एच विश्वनाथ भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद आयोजित कांग्रेस के रात्रिभोज कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। जिसके बाद से कर्नाटक राजनीति में हलचल तेज हो गई और कहा जाने लगा कि यह विधायक 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।

उप मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा कि विधायकों ने किसी भी बैठक में हिस्सा नहीं लिया, बल्कि उनके निमंत्रण पर बुधवार को रात्रिभोज में शामिल हुए।

इन विधायकों के चलते गिरी थी सरकार
ये तीन विधायक उन 17 कांग्रेस-जद(एस) विधायकों में शामिल हैं, जिन्होंने 2019 में भाजपा का दामन थामा था। जिसकी वजह से एचडी कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली सरकार गिर गई थी और भाजपा का सत्ता में आने का रास्ता साफ हो गया था। एस टी सोमशेखर, शिवराम हेब्बार तो पूर्ववर्ती भाजपा सरकार में मंत्री भी रहे हैं।

क्या कुछ बोले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष?
बकौल एजेंसी, विधायकों को लेकर विजयेंद्र ने कहा कि मुझे सुबह इसकी जानकारी मिली। मैं आज ही उनसे बात करूंगा और उनकी मंशा क्या है यह पता लगाऊंगा… यह एक गंभीर मामला है, मैं आज ही उनसे चर्चा करूंगा।

वहीं, डीके शिवकुमार का कहना है कि मैंने अलग से एक रात्रिभोज का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम के लिए कुछ अन्य नेताओं को भी आमंत्रित किया गया था, इसलिए वे (सोमशेखर, हेब्बार), विश्वनाथ और अन्य समेत करीब 10 लोग आए थे। उन्होंने कहा,

वे कांग्रेस विधायक दल की बैठक में क्यों आएंगे? वे हमारी पार्टी के विधायक नहीं हैं। वे विधायक दल की बैठक में नहीं आए थे, वे केवल रात्रि भोज के लिए आए थे।

Related Articles

Back to top button