भाजपा ने केपी को बनाया चुनावी महाभारत का अभिमन्यु: साध्वी भारती

अशोकनगर। गुना लोकसभा चुनाव में सांसद केपी यादव को इस चुनावी महाभारत का अभिमन्यु बनाने का काम भाजपा ने किया है। भारतीय जनता पार्टी ने कभी उमा भारती की चिंता नहीं की, न कभी कल्याण सिंह की चिंता की। भाजपा ऐसी पार्टी है ऐसा कोई सगा नहीं, जिसे भाजपा ने ठगा नहीं। यह आरोप कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता साध्वी साधाना भारती ने रविवार को एक पत्रकार वार्ता में लगाए।साध्वी भारती यहां कांग्रेस प्रत्याशी यादवेन्द्र सिंह यादव के समर्थन में वोट मांगने आई हुई हैं।

उन्होंने बीते दिनों गृह मंत्री अमित शाह द्वारा सांसद केपी यादव को लेकर चिंता करने की बात के सवाल पर उक्त आरोप लगाया। उनका कहना था कि सांसद केपी यादव को इस चुनावी महाभारत का अभिमन्यु बना दिया गया है। भाजपा ने उमा भारती का स्टार प्रचारकों की सूची से ही नाम हटा दिया। उन्होंने कहा कि एक तरफ ज्योतिरादित्य सिंधिया, उमा भारती को अपनी बुआ बताते हैं, पर उनका ऐसा अपमान किया कि जिस प्रकार अपराधी को तड़ीपार किया जाता है, इसी तरह उन्हें बिना किसी अपराध के मध्यप्रदेश की राजनीति से भाजपा ने तड़ीपार कराने का कार्य किया है। फिर उन्हें उत्तरप्रदेश भेजकर चरखारी के चक्कर में फंसाया गया और फिर झांसी का झांसा देकर झांसी से चुनाव लड़ाया पर उत्तरप्रदेश में भी उन्हें सम्मान नहीं दिया, अगर सम्मान किया होता तो वहां का मुख्यमंत्री बनाया होता।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है ऐसा कोई सगा नहीं। अगर भाजपा को चिंता करनी है तो अपनी चिंता करें, उनकी कुर्सी जो हिलने वाली है। साध्वी साधना भारती ने कहा कि माहौल को देखते हुए गुना संसदीय क्षेत्र की जनता श्रीकृष्ण का रूप धारण कर पांडव रूपी अर्जुन रूपी कांग्रेस प्रत्याशी यादवेन्द्र सिंह यादव को विजय बनाने जा रही है।

उन्होंने कहा गुना लोकसभा में कांग्रेस के तत्कालीन प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी पत्नी प्रियदर्शनी के साथ कई रैलियां संबोधित की हैं। में सिंधिया के आमंत्रण पर ही गुना लोकसभा में स्टार प्रचारक के तौर पर आ चुकी हूं। पहला चुनाव है में अब उनके खिलाफ आई हूं। ज्योतिरादित्य सिंधिया मुझे बेटी मानते हैं, अफसोस मगर सिंधिया आज तोडऩे वाली जहरीली पार्टी के प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। सिंधिया शायद भूल गए होंगे कि भाजपा अंग्रेजों की फूट डालो राज करो नीति के साथ काम कर रही है।

Related Articles

Back to top button