भाजपा ने विधानमंडल दल की बुलाई बैठक, सभी पदाधिकारियों को उपस्थित रहने का दिया निर्देश, यहाँ जाने पूरी खबर…

पटना। राज्य में सत्ता परिवर्तन की चर्चा के बीच भाजपा ने रविवार की सुबह नौ बजे विधानमंडल दल की बैठक बुलाई है। पार्टी प्रदेश मुख्यालय स्थित अटल सभागार में होने वाली बैठक में सभी विधायक, विधान पार्षद एवं सांसदों को आमंत्रित किया गया है। साथ ही सभी प्रदेश पदाधिकारियों को भी उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक के बाद विधानमंडल दल के नेता विजय सिन्हा बिहार प्रभारी विनोद तावड़े समर्थन पत्र लेकर सभी विधायकों के साथ एनडीए विधानमंडल की बैठक में सम्मिलित होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यपाल को त्याग पत्र सौंप कर एनडीए के नेतृत्व में नई सरकार बनाने का राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के समक्ष दावा पेश करेंगे। दोपहर बाद नई सरकार शपथ लेगी।

भाजपा विधायकों से हस्ताक्षर लेने तक सीमित रही विधानमंडल दल की मंथन
राज्य में सत्ता परिवर्तन की चर्चा के बीच शनिवार की शाम को भी भाजपा विधानमंडल दल की बैठक हुई। पार्टी प्रदेश मुख्यालय स्थित अटल सभागार में हुई बैठक में लगभग सभी विधायक, विधान पार्षद एवं सांसद सम्मिलित हुए। साथ ही सभी प्रदेश पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में बिहार प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने सुबह नौ बजे सभी विधायक एवं विधान पार्षदों को पार्टी प्रदेश मुख्यालय में स्वलपाहार पर आमंत्रित किया। इससे पहले सभी विधायकों से हस्ताक्षर कराया गया।

इसके बाद आगामी लोकसभा चुनाव तैयारियों को लेकर संगठनात्मक कार्यक्रम के बारे में तावड़े ने जानकारी दी। विधानमंडल दल की बैठक को नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने संबोधित किया।

हर जिले में कर्पूरी सम्मलेन आयोजित करने की जानकारी
वहीं, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मीडिया विभाग के प्रभारी डॉ. भीम सिंह एवं मुख्य प्रवक्ता जनक राम ने नेतृत्व की ओर मीडिया ब्रीफिंग के लिए दी गई जानकारी पत्रकारों को दी। डॉ. सिंह ने लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा की ओर से शुरू होने वाले अभियान गांव चलो एवं हर जिले में कर्पूरी सम्मलेन आयोजित करने की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि हर जिले में पार्टी पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न दिए जाने के लिए केंद्र सरकार एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार प्रकट करेगी। अति पिछड़ा समाज को कर्पूरी ठाकुर की त्याग एवं बलिदान के बारे में बताएगी। जिलों में आयोजित हर सम्मेलन में पार्टी के किसी न किसी बड़े नेता का दौरा सुनिश्चित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button