रजिश के चलते पूर्व प्रधान की हत्या

रिपोर्ट अर्जुन सिंह

मैनपुरी। मैनपुरी जिला के थाना कुरावली क्षेत्र नगला ऊसर के एक पूर्व प्रधान का शव शुक्रवार की रात जीटी रोड पर सिरसा मोड़ पर पड़ा मिला। परिजन ने हत्या किए जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। आक्रोशित परिजन ने पोस्टमार्टम के बाद शनिवार शाम शव कुरावली रोड पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने के बाद सीओ कुरावली मौके पर पहुंचे। कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर करीब एक घंटे बाद जाम खुला।

थाना क्षेत्र के गांव नगला ऊसर निवासी पूर्व प्रधान खेतपाल सिंह शुक्रवार शाम को घर पर थे। तभी परिचित व्यक्ति घर पर आया था। कुछ बातचीत के बाद दोनों साथ चले गए थे। देर रात तक पूर्व प्रधान घर नहीं लौटे तो परिजन तलाश की। इस बीच सूचना मिली कि खेतपाल का शव सर्विस रोड सिरसा मोड़ के पास पड़ा है। सूचना मिलने के बाद रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए। इस बीच स्थानीय पुलिस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। मृतक के परिजन ने घर से बुलाकर ले जाने वाले परिचित पर शक जाहिर करते हुए पूर्व प्रधान की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने मौत का सही कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया। लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। जिस कारण परिजन व ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया।

शाम को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन को सौंप दिया। लेकिन परिजन शव को घर ले जाने की बजाय मैनपुरी कुरावली मार्ग पर पहुंच गए और शव मार्ग पर रख कर जाम लगा दिया। मृतक के परिजन व ग्रामीण नामजद लोगों पर पूर्व प्रधान की हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे थे। सूचना पर सीओ कुरावली संजय वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। जाम लगाए परिजन व ग्रामीणों को जाम खोलने के लिए समझाया। मृतक परिजन का कहना था कि जब तक मुकदमा दर्ज नहीं होगा, तब तक वह लोग न तो शव उठाएंगे न हीं जाम खोलेंगे। सीओ ने आश्वासन दिया कि तहरीर के आधार पर उनका मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद आक्रोशित लोगों ने मार्ग पर करीब एक घंटे से लगे जाम को खोला। परिजन शव को लेकर गांव नगला ऊसर चले गए।

मार्ग पर थम गए वाहनों के पहिए
मैनपुरी कुरावली मार्ग पर दिनभर बडे़ और छोटे वाहनों की आवाजाही होती रहती है। कुरावली, एटा, अलीगढ़ और दिल्ली तक जाने वाले मार्ग दिन भर काफी व्यस्त रहता है। जाम लगने के कारण मार्ग के दोनों ओर कुछ ही देर में वाहनों की लंबी कतार लग गई। तेज धूप और गर्मी के बीच वाहनों में फंसे लोग परेशान नजर आए। जाम खुलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

पूर्व प्रधान की मौत किस कारण से हुई है, इसको लेकर सभी तथ्याें पर गंभीरता के साथ जांच की जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। – संजय वर्मा, सीओ कुरावली

Related Articles

Back to top button