अधिवक्ता संघ का चुनाव संपन्न, भगवानदास अध्यक्ष व शैलेंद्र महामंत्री बनें

हमीरपुर : डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन का सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चुनाव संपन्न हो गया। मतदान को लेकर सुबह से ही अधिवक्ताओं से कचहरी भरी नजर आई। सुबह सात बजे से शाम तीन बजे तक मतदान हुआ। देररात मतगणना पूरी हुई। जिसमें अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के बीच कांटे का मुकाबला रहा और अंत में पांच वोटों से अध्यक्ष पद में भगवानदास दीक्षित ने जीत दर्ज कराई। वहीं महामंत्री पद पर 246 वोटों से शैलेंद्र सचान विजयी हुई। सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को अधिवक्ताओं ने फूल माला से लादकर मुंह मीठा कराया। ढोल नंगाड़ों के साथ अधिवक्ताओं ने जश्न भी मनाया।

इस बार अधिवक्ता संघ के चुनाव में अध्यक्ष पद पर तीन प्रत्याशियों महेंद्र प्रताप सिंह, भागवान दास दीक्षित व वीरेंद्र यादव के बीच त्रिकोणीय मुकाबला था। जिसमें भगवानदास दीक्षित ने 226 मत, महेंद्र सिंह ने 221 मत व वीरेंद्र यादव ने 117 मत पाए। महामंत्री पद पर शैलेंद्र कुमार सचान ने 404 मत व अश्विनी कुमार प्रजापति ने 158 मत प्राप्त किए। शैलेंद्र सचान रिकार्ड 246 मतों से जीते। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सागर मिश्रा ने 300 मत, सचेंद्र सिंह ने 244 व पवन कुमार ने 224 मत प्राप्त किए। जिसमें सागर मिश्रा व सचेंद्र सिंह को उपाध्यक्ष चुने गए। कोषाध्यक्ष पद पर अमरजीत शुक्ला ने 340 मत व राजप्रताप सिंह ने 211 मत प्राप्त किए। जिसमें अमरजीत 129 मतों से विजयी हुई। मतदान के मद्देनजर सुबह से ही कचहरी परिसर में गहमागहमी का माहौल बना रही। शाम तीन बजे तक कुल 643 मतदाताओं के सापेक्ष 569 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके बाद शाम चार बजे से 12 राउंड में वोटों की गिनती शुरू हुई। जो देररात संपन्न हुई। अध्यक्ष पद पर पहले ही राउंड से भगवानदास दीक्षित व महेंद्र प्रताप सिंह के बीच कांटे का मुकाबला बना रहा और अंत में जीत भगवानदास दीक्षित की हुई।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम, खूब बांटा गया जलपान
अधिवक्ता संघ के चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के भी पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। अधिवक्ताओं ने बार भवन के बाहर स्टाल लगाकर अधिवक्ता मतदाताओं के लिए चाय-नाश्ते का इंतजाम किया था। सुबह से शाम तक इन स्टालों में अधिवक्ता मतदाताओं की भीड़ लगी रही और अधिवक्ताओं ने जमकर जलपान और फिर मतदान किया।

Related Articles

Back to top button