आप आत्मनिर्भर बनिए आपका भारत विकसित बनेगा: मस्त

सभासदों ने 51 किलो का माला पहनाकर अतिथियों का किया स्वागत

बलिया। आत्मनिर्भर बनिए तभी भारत विकसित होगा। देश में मोदी जी और प्रदेश में योगी जी के कार्यों की चर्चा आज पूरे विश्व में हो रही है। बीते 10 वर्षों में देश में और बीते सात वर्षों में प्रदेश में जितना विकास हुआ है, इसके पहले कभी नहीं हुआ था। आज डबल इंजन सरकार में देश हो या ​प्रदेश समृद्धि की ओर अग्रसर है। यह बातें बलिया सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त सोमवार को चितबड़ागांव स्थित रामलीला मैदान में आयोजित भारत संकल्प यात्रा के दौरान कही।
कार्यक्रम का शुभारंभ बलिया सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त व पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित व पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्याम प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। तत्पश्चात चेयरमैन अमरजीत सिंह ने आए हुए अतिथियों को अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इसके बाद सभासदों ने 51 किलो का माला पहनाया।

उपस्थित भीड़ को संबोधित करते हुए सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कहा कि जाति—पाति में बंटे रहने के कारण आज तक भारत का विकास नहीं हो सका है। लेकिन भाजपा सरकार और पीएम मोदी के संकल्प से आज सबका साथ सबका विकास हो रहा है। वहीं पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी ने कहा कि बलिया सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के नेतृत्व में जितना विकास बलिया लोकसभा का हुआ है, उतना आज तक किसी के कार्यकाल में नहीं हुआ था। इस दौरान नगर पंचायत चेयरमैन अमरजीत सिंह ने कहा कि सासंद जी के सहयोग से हमारी नगर पंचायत को आदर्श नगरपंचायत का दर्जा प्राप्त हुआ है। इस कार्यकाल में सरकार की सारी महत्वाकांक्षी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता होगी। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग, जलापूर्ति, बैंक डूडा विभाग, कृषि विभाग, पशु चिकित्सा अधिकारी आदि विभागों ने जनता की समस्याओं का समाधान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉक्टर सुमन सिंह एवं संचालन चन्दन सिंह ने किया। इस मौके पर उप जिलाधिकारी माज अख्तर, रसड़ा नगर परिषद के ईओ धर्मराज, लेखपाल रंजीत सिंह, थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार चौधरी पूरे दल-बल के साथ उपस्थित रहे। इस मौके वरिष्ठ भाजपा नेता सुनील कुमार सिंह सुमन, मुरलीछपरा ब्लाक के उप ब्लाक प्रमुख सुशील कुमार पाण्डेय मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आए हुए अतिथियों के प्रति चेयरमैन अमरजीत सिंह ने आभार प्रकट किया।

इनसेट….
पूरे कार्यक्रम में नदारद रहे ईओ

बलिया। भ्रष्टाचार के आरोपो में घिरे नगर पंचायत चितबड़ागांव के ईओ अनिल कुमार सोमवार को पूरे कार्यक्रम के दौरान नदारद दिखे। वैसे ईओ अनिल कुमार के लिए यह कोई नई बात नहीं है। हर कार्यक्रम में नदारद रहना उनका शगल बन गया है। लेकिन आज चूंकि महत्वपूर्ण कार्यक्रम था, जिसमें ईओ का रहना अनिवार्य था। लेकिन इसमें भी ईओ नदारद ही दिखे। उधर इस संबंध में लिपिक रविश कुमार से पूछा गया तो उन्होंने ने बताया कि ईओ साहब कहां है, इसके बारे में मुझे किसी प्रकार की जानकारी नहीं है।

Related Articles

Back to top button