निंदूरा क्षेत्र में बन रहे गल्ला गोदाम के विरोध में उतरी भाकियू, किया धरना प्रदर्शन

फतेहपुर-बाराबंकी। अन्नपूर्णा गल्ला गोदाम गलत स्थान पर बनाये जाने को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। मांगो का एक ज्ञापन तहसीलदार का सौंपा है। तहसीलदार के आश्वासन पर भाकियू के कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन समाप्त किया।
ज्ञात हो विकासखण्ड निन्दूरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत खिंझना में अन्नपूर्णा गल्ला गोदाम बनाने के लिए पैसा आया था। जिसका स्थान परिवर्तित कर ग्राम सैन्दर में निर्माण शुरू करा दिया गया है। जिसके विरोध में ब्रहस्पतिवार को भारतीय किसान यूनियन (धर्मेन्द्र गुट) के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। ब्लाक अध्यक्ष राजेश यादव का कहना है कि लेखपाल, प्रधान व ग्राम विकास अधिकारी की मिलीभगत से यह कार्य किया जा रहा है। खिंझना में प्रस्तावित स्थल पर गढडा दिखाकर गोदाम को सैन्दर में बनाने का प्रस्ताव कर दिया था जिस पर निर्माण कार्य शुरू हो गया है। कहना है कि ग्राम पंचायत के किनारे के कई मजरे तीन से चार किलोमीटर की दूरी पर है यदि गोदाम बनाया जाये तो ग्राम पंचायत सैन्दर में गाटा संख्या 1230 पर बनाया जाये। वार्ता करने पहुंचे तहसीलदार नरसिंह नारायण वर्मा ने कहा कि मामले की स्थलीय जांच की जायेगी। यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके विरूद्ध कार्यवाही होगी। इस आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया है। इस मौके पर जिला महासचिव प्रेम सिंह, सन्तोष सिंह आदि मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button