बांदा-चित्रकूट सीट से BSP ने मयंक द्विवेदी पर लगाया दांव

बांदा। बांदा-चित्रकूट लोकसभा सीट के लिए लंबे इंतजार के बाद बहुजन समाज पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। बसपा सुप्रीमो मायावती ने इस सीट के लिए ब्राह्मण चेहरे पर अपना दांव लगाया है। पार्टी में काफी अर्से से सेवा दे रहे मयंक द्विवेदी को प्रत्याशी बनाया गया।

बसपा प्रत्याशी के नाम की घोषणा होने के बाद इस सीट के लिए लगभग सभी दलों के प्रत्याशियों के चेहरे सामने आ चुके हैं। बसपा प्रत्याशी के नाम की घोषणा होने के बाद बांदा- चित्रकूट संसदीय क्षेत्र में चुनाव मैदान पूरी तरह से सज चुका है। अब देखना यह होगा कि आगामी बीस मई काे मतदाता किसके नाम पर अपनी मुहर लगाएंगे।

भाजपा ने सबसे पहले घोषित किया था प्रत्याशी
बांदा-चित्रकूट संसदीय क्षेत्र के लिए भाजपा ने सबसे पहले अपने प्रत्याशी का नाम घोषित किया था। भाजपा ने निर्वतमान सांसद आरके सिंह पटेल पर भरोसा जताते हुए उन्हें दोबारा पार्टी से प्रत्याशी बनाया। जबकि सपा ने पूर्व राज्यमंत्री शिवशंकर सिंह पटेल को पार्टी प्रत्याशी घोषित कर दिया था। जिसके बाद सभी की निगाहें बसपा की ओर थी।

लंबे समय से इस सीट के लिए कई नामों की चर्चा हो रही थी। जिसमें भाजपा व सपा के कई कद्दावर नेताओं के नाम सामने आ रहे थे। आमजन को उम्मीद थी कि इन्हीं में से किसी एक पर बसपा सुप्रीमो अपना दांव खेलेंगी।

सोमवार को बसपा ने प्रत्याशी के नाम घोषणा कर इस संसदीय सीट के लिए मंयक द्विवेदी के नाम पर मुहर लगा दी। 38 वर्षीय मयंक द्विवेदी ने राजनीतिक शुरूआत बसपा से की थी। इनके पिता पुरुषोत्तम नरेश द्विवेदी वर्ष 2007 में बसपा से जनपद की नरैनी विधानसभा से विधायक चुने गये थे। जिनकी छवि उस समय तेज तर्रार राजनेता के रूप में बनी थी।

2017 में राजनीतिक पारी की हुई थी शुरुआत
मंयक ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत वर्ष 2017 में अपनी पत्नी विनीतिका द्विवेदी को जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जिताकर की थी। वर्ष 2023 के जिला पंचायत चुनावों में मंयक द्विवेदी चुनाव लड़कर सदस्य बने।

पार्टी से प्रत्याशी का नाम घोषित होने के बाद बसपा जिलाध्यक्ष गुलाब वर्मा ने कहा कि पार्टी ने सक्रिय उम्मीदवार पर भरोसा जताया है। प्रत्याशी का नाम सामने आने के बाद पार्टी पदाधिकारियों की बैठक के बाद आगे की रणनीति बनाई जाएगी।

Related Articles

Back to top button