कोहरे के कारण प्रीमियम व विशेष ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों की समस्या बढ़ाई

कानपुर। उत्तर प्रदेश में मौसम से ट्रेनों का बुरा हाल है। वंदे भारत से लेकर शताब्दी ट्रेनें भी लेट चल रही हैं। नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस बुधवार को 12 घंटा लेट रही। इससे सुगम सफर का ख्वाब संजोए तमाम यात्री बेहाल रहे। श्रमशक्ति व स्वर्ण शताब्दी की चाल भी बिगड़ी नजर आई।

कोहरे के कारण प्रीमियम व विशेष ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों व उनके स्वजन की समस्या बढ़ाई। यात्रियों को भोजन व खान पान सामग्री मुहैया कराने के प्रयास भी नाकाफी साबित हो रहे हैं। हर दिन लंबी दूरी वाली ट्रेनों के यात्री भूख से तबीयत बिगड़ने की शिकायत कर रहे हैं।

हर रोज लेट हो रही है वंदे भारत

वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन कोहरा शुरू होने के बाद से ही गड़बड़ है। प्रतिदिन ट्रेन घंटों लेट हो रही है। बुधवार को वाराणसी से चलकर कानपुर सेंट्रल पर शाम 6:30 बजे पहुंचने वाली ट्रेन 12 घंटा लेट रही। इसी तरह नई दिल्ली से वाराणसी की ओर जाने वाली ट्रेन भी देरी से आई।

श्रमशक्ति सहित ये ट्रेन हुई लेट

श्रमशक्ति एक्सप्रेस सुबह 6:15 बजे के स्थान पर अपराह्न 3:19 बजे आ सकी। लखनऊ जंक्शन स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस ने मंगलवार रात 10:25 बजे यात्रियों को नई दिल्ली पहुंचाने के बजाय बुधवार सुबह 7:13 बजे पहुंचाया। इसी तरह बुधवार को भी सेंट्रल स्टेशन पर ट्रेन निर्धारित समय 4:48 बजे के स्थान पर साढ़े आठ बजे पहुंची। इससे यात्री इंतजार करते रहे।

Related Articles

Back to top button