बांदा में अरविंद केजरीवाल पर बरसे CM योगी

बांदा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के बयानों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि केजरीवाल की बु्द्धि जेल जाने के बाद फिर गई है। अन्ना हजारे के सपनों पर पानी फेरने वाले केजरीवाल अब मेरा नाम लेकर बातें कर रहे हैं।

सीएम योगी ने कहा कि अन्ना ने जिस कांग्रेस के खिलाफ आंदोलन किया था, केजरीवाल ने उसे ही अपने गले का हार बना लिया है। सीएम योगी गुरुवार को यहां तिंदवारी में हमीरपुर-महोबा लोकसभा सीट के लिए चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यहां से पार्टी प्रत्याशी पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल के लिए जनता से वोट की अपील की।

अब ये फिर से दिल्ली वालों को खांसने के लिए मजबूर कर देंगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि जेल जाकर उन्हें पता चल गया है कि अब वह कभी जेल के बाहर नहीं आने वाले हैं। उन्होंने अन्ना हजारे के सपनों पर पानी फेरने का काम किया है। इस पाप के लिए अन्ना हजारे उन्हें कभी माफ नहीं कर सकते।

आम आदमी पार्टी ने सत्ता में पहुंचकर अपने ईद-गिर्द भ्रष्टाचारियों का जमावड़ा लगा दिया है। अन्ना दुखी होते होंगे कि मेरे आंदोलन की उपज किस प्रकार की राजनीति करते हैं। केजरीवाल के जेल में होने से दिल्लीवासी खुश थे कि कम से कम उनकी खांसी बंद थी, अब ये फिर से दिल्ली वालों को खांसने के लिए मजबूर कर देंगे।

सपा और कांग्रेस इन माफिया और डकैतों की संरक्षक रही
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि तिंदवारा विधानसभा देश का इतिहास लिखने वाला क्षेत्र है। इस विधानसभा ने प्रदेश को मुख्यमंत्री और देश को प्रधानमंत्री भी दिया है। जब यहां कार्यक्रम करने के लिए मुझसे कहा गया तो मैं खुद को रोक नहीं पाया।

उन्होंने कहा कि आज से 10 साल पहले का बुंदेलखंड और आज के बुंदेलखंड में जमीन आसमान का अंतर है। पहले यहां माफिया हावी थे, खनन माफिया, भू माफिया, जंगल माफिया और डकैतों का आतंक था। सपा और कांग्रेस इन माफिया और डकैतों की संरक्षक रही है। ये लोग ऐसे तत्वों को यहां से जनप्रतिनिधि बनाकर भेजते थे, फिर यही माफिया और डकैत जनता का शोषण करते थे और संसाधनों पर डकैती डालते थे।

प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर बुंदेलखंड के युवाओं को पलायन करना पड़ता था, बेटियों, बहनों को मीलों दूर सिर पर मटकी रखकर पानी लाने को मजबूर होना पड़ा।

हम नोएडा और ग्रेटर नोएडा से भी विकसित सिटी यहां बसाने जा रहे
सीएम योगी ने कहा कि 10 साल में आपने बुंदेलखंड को बदलते देखा है। अभी ये शुरुआत है। बुंदेलखंड फिर से देश को लीड करेगा। अब यहां पानी के लिए बेटी और बहन को मीलों नहीं जाना होगा। अब हर घर में नल होगा और नल में जल होगा वो भी आरओ का। कनेक्टिविटी के लिए हर सड़क को टू लेन और फोर लेन बनाया जा रहा है। पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा डिफेंस कॉरीडोर को ऐसा बनाएंगे कि जब हमारा जवान सीमा पर तोप दागेगा तो उसपर लिखा होगा मेड इन बांदा। अबतक यहां का नौजवान नौकरी के लिए भटकता था। अगले 5 साल बाद दुनिया यहां नौकरी मांगने आएगी। झांसी से लेकर चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर और बांदा को जोड़ते हुए हम नोएडा और ग्रेटर नोएडा से भी विकसित सिटी यहां बसाने जा रहे हैं।

इन्हें एक एक वोट के लिए तरसा देना चाहिए
सीएम ने कहा कि जिन्होंने बुंदेलखंड को पानी और विकास के लिए तरसाया, बहन बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने का काम किया, नौजवानों की नौकरी पर डकैती डाली, संसाधनों को लूटा खसोटा, इन्हें एक एक वोट के लिए तरसा देना चाहिए। इनकी जमानत जब्त होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सपा, कांग्रेस, आप, आरजेडी सभी एक ही थैले के चट्टे बट्टे हैं।

सत्ता में आते हैं तो आम आदमी का खून चूसते हैं। ये हमारा सौभाग्य है कि हमने बदलते भारत को देखा है। देश आज दुनिया में अपनी प्रतिष्ठा बढ़ा रहा है। गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाएं चला रहा है। 500 साल बाद भगवान राम विराजमान हुए हैं। उन्होंने कहा कि राम वन के लिए निकले तो चित्रकूट और बुंदेलखंड को चुना। निषादराज जिसके लिए तरसते रहे वो राम फिर से विराजमान हो गये हैं।

आपका वोट रामद्रोहियों के लिए नहीं होना चाहिए
सीएम योगी ने कहा कि जिसने भी कमल को वोट दिया है वह हर परिवार अयोध्या में राममंदिर का श्रेय ले सकता है। ये पुण्य आपके साथ जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि आपका वोट पापाचारियों, अत्याचारियों, भ्रष्टाचारियों और रामद्रोहियों के लिए नहीं होना चाहिए। आपके वोट ने भारत को आतंकवाद, नक्सलवाद, माफिया और डकैतों से मुक्त किया है। वोट आपका है, देश आपका है और फैसला भी आपका है।

Related Articles

Back to top button