करणी सेना के अध्‍यक्ष सुखदेव गोगामेड़ी के हत्यारे चंडीगढ़ से गिरफ्तार

चंडीगढ़। राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या करने वाले दो शूटर और एक उनके सहयोगी चंडीगढ़ से गिरफ्तार किए गए हैं। दिल्ली और राजस्थान की पुलिस में संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए शनिवार रात को सेक्टर 21 स्थित कमल रिसोर्ट से तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार होने वालों में रोहित राठौर, नितिन फौजी और उधम सिंह शामिल हैं। रोहित राठौर और नितिन फौजी शूटर हैं, जबकि उधम सिंह उनके सहयोगी है।

किराए पर लिया हुआ था ऑटो
जानकारी के अनुसार शनिवार रात को करीब 7:30 बजे ये तीनों कमल रिसोर्ट पहुंचे थे। इन्होंने एक ऑटो किराए पर लिया हुआ था। ऑटो चालक को इन्होंने बताया था कि वह मनाली से आए हैं और अब उन्हें चंडीगढ़ घूमना है। कुछ देर वे होटल में रुके।

नहा धोकर उन्होंने थोड़ा आराम किया और फिर घूमने जाने के लिए रिजॉर्ट से नीचे उतरे। पहले से ही उनका इंतजार कर रही दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने उनको गिरफ्तार कर लिया।

रेवाड़ी से पीछा कर रही थी टीम
पुलिस टीम तीनों बदमाशों का रेवाड़ी से पीछा कर रही थी। तीनों बदमाश ट्रेन में बैठकर रेवाड़ी से पहले हिसार पहुंचे और उसके बाद हिसार से चंडीगढ़ आए। मोबाइल ट्रेस करके पुलिस लगातार इनका पीछा कर रही थी। जैसे ही तीनों बदमाश रिसोर्ट से बाहर निकले तो पुलिस टीम ने इनको दबोच लिया।

Related Articles

Back to top button