लंबे अवकाश पर अपूर्वा, उन्नाव डीएम होंगे गौरांग राठी

उन्नाव। जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे लंबे अवकाश पर जा रही हैं। जिसके बाद जनपद में भदोही जिले से आ रहे आइएएस गौरांग राठी उन्नाव के डीएम होंगे। डीएम अपूर्वा दुबे ने बताया कि वह लंबे अवकाश पर जा रही हैं।

गुरुवार को जिले में डीएम का चार्ज गौरांग राठी लेंगे। अपूर्वा दुबे ने फतेहपुर से आकर जिले में 30 जुलाई 2022 को डीएम का चार्ज लिया था। डीएम अपूर्वा दुबे ने अपने लगभग 19 माह के कार्यकाल में विकास के अविस्मरणीय कई सोपान गढ़ते हुए सीएम योगी की जीरो टालरेंस नीति पर काम करते हुए भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया।

दर्जनों पार्कों का जीर्णोद्धार व सुंदरीकरण कराया। वहीं उन्नाव क्लब का सुंदरीकरण करा नया जीवनदान दिया। दो सालों में हुई ग्लोबल इंवेस्टर समिट को मुकाम तक पहुंचा उद्यम विकास का कीर्तिमान बनाया। जिसमें फरवरी 2023 को 17 हजार करोड़ और फरवरी 2024 में 7674 करोड़ तक के निवेश के साथ जिले को उद्यम हब बनाए जाने का काम किया।

डीएम ने अपने कार्यकाल में गंगा एक्सप्रेसवे, लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के काम को दोगुनी गति से आगे बढ़वाया और 2016 से रुके दोस्ती नगर बाइपास निर्माण को फिर शुरू करवाने का सफल प्रयास करके एकमात्र श्रेय हासिल किया। कई चौराहों पर सेल्फी प्वाइंट व शुक्लागंज मार्ग पर सरैयां वाटिका का निर्माण करवाया।

डीएम दुबे ने विकास के सोपान गढ़ते हुए भ्रष्टाचार पर सीएम योगी की जीरो टालरेंस नीति पर काम किया और जनपद में आधा दर्जन बड़े भूमाफिया पर कार्रवाई कर जेल की राह दिखाई। अवैध प्लाटिंग पर सख्ती करते हुए कई निर्माण जमींदोज कराए। सर्वे विभाग के माध्यम से जनपद में लगभग 400 बीघा जमीन को राजस्व खाते में वापस जोड़ा।

Related Articles

Back to top button