अनुराग ठाकुर ने किया दावा,इस बार आम चुनाव में कांग्रेस UP में अपना खाता भी नहीं खोल पाएगी

नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को दावा किया कि इस बार आम चुनाव में कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अपना खाता भी नहीं खोल पाएगी क्योंकि पार्टी नेता राहुल गांधी ने राज्य के लोगों की बुद्धिमत्ता पर सवालिया निशान लगा दिया है।
ठाकुर ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने नेहरू-गांधी परिवार की चार पीढ़ियों को चुनकर लोकसभा में भेजा है। वाराणसी में एक रैली के दौरान उत्तर प्रदेश के युवाओं पर गांधी की हाल में नशे की लत वाली टिप्पणी का जिक्र करते हुए ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता अपना होश खो बैठे हैं और उन्हें पता नहीं है कि वह क्या कह रहे हैं।

ठाकुर ने यहां संवाददाताओं से कहा कि राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के लोगों के मान-सम्मान को ठेस पहुंचाई है। मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने झूठे वादे कर जनता को धोखा दिया है।

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के वीडियो जनता के बीच वायरल हो रहे हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि हिमाचल प्रदेश में युवाओं को पांच लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी और अब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इस बयान से पलट गए हैं।

इससे पहले, यहां हमीरपुर भाजपा मंडल के त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंत्री ने दावा किया कि लोग आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को वोट देंगे क्योंकि वे कांग्रेस के झूठे वादों से तंग आ चुके हैं।

Related Articles

Back to top button