अनुराग ठाकुर बोले-लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अपना विश्वास जताया

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने रविवार को कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को महज छलावा करार दिया और बोले कि इसके वरिष्ठ नेताओं को ही न्याय नहीं मिल रहा है और वे दूसरी पार्टियों में शामिल हो रहे हैं। एक के बाद एक बड़ा नेता कांग्रेस छोड़ रहा है। ठाकुर ने कपिल सिब्बल, गुलाम नबी आजाद, हिमंत बिस्वा सरमा, हार्दिक पटेल, ज्योतिरादित्य सिंधिया, आरपीएन सिंह और सुनील जाखड़ जैसे नेताओं के कांग्रेस से बाहर जाने का जिक्र किया।

ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की न्याय यात्रा एक धोखा है। राहुल गांधी और सोनिया गांधी लोगों को न्याय देने की बात करते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि कांग्रेस नेता खुद न्याय से वंचित हैं। ऐसे नेताओं की एक लंबी फेहरिस्त है जिन्होंने कांग्रेस छोड़ दी है क्योंकि उन्हें पार्टी में ही न्याय नहीं मिला।

लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अपना विश्वास जताया

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अपना विश्वास जताया है और उनके साथ जुड़ने के इच्छुक हैं।विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए पर कटाक्ष करते हुए ठाकुर ने कहा कि यह गठबंधन नहीं बल्कि मनोरंजन है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मिली हार के बाद आज सहयोगी दल भी कांग्रेस के साथ गठबंधन करने से कतरा रहे हैं। डूबते जहाज पर कोई सवारी नहीं करना चाहता। कांग्रेस स्वयं तो डूबी ही है, अपने साथ अन्य दलों को भी डुबो रही है।

आगे बोले कि एक तरफ बंगाल में ममता बनर्जी सीटें देने को तैयार नहीं हैं तो दूसरी तरफ नीतीश कुमार संयोजक बनने को तैयार नहीं। शरद पवार पल्ला झाड़ रहे हैं और जब मल्लिकार्जुन खरगे का नाम आया तो गांधी परिवार तैयार नहीं है।

कांग्रेस हिंदू विरोधी- अनुराग

यही नहीं, अनुराग ने कहा कि कुछ दल केवल राजनीतिक मंशा से श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का विरोध कर रहे हैं और निमंत्रण भी स्वीकार नहीं कर रहे हैं। यह आस्था व सनातन का कार्यक्रम है, इसलिए किसी को भी श्रीराम मंदिर के निर्माण को लेकर इस प्रकार का व्यवहार नहीं करना चाहिए। कांग्रेस ऐसा करके अपना हिंदू विरोधी चेहरा सामने ला रही है।

उधर, केंद्रीय मंत्री हरदीप ¨सह पुरी ने राहुल की न्याय यात्रा पर हमला बोला। उन्होंने राहुल से सवाल पूछा कि क्या उन्होंने 1984 में अत्याचार झेलने वाले सिख समुदाय के लोगों के लिए न्याय के बारे में विचार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसद सदा विचलित रहते हैं और कुछ भी कहते रहते हैं।

राहुल की यात्रा भारत जोड़ो नहीं बल्कि भारत तोड़ो यात्रा

बलूनी भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा भारत जोड़ो न्याय यात्रा नहीं बल्कि भारत तोड़ो और अन्याय यात्रा है। यह हर टेस्ट में फेल हो चुके कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी को लांच करने का एक और असफल प्रयास है। यह राहुल गांधी की नफरत और विखंडन की दूसरी यात्रा है। प्रभु श्रीराम मंदिर के निर्माण से कांग्रेस को पता नहीं क्या हो गया है कि उसमें इतना विद्वेष भर गया है।

उन्होंने कहा कि हमने राहुल गांधी की पहली यात्रा में देखा था कि किस तरह उन्होंने समाज में विद्वेष और नफरत फैलाई थी। साथ ही, अपनी यात्रा में देश के खिलाफ काम करने वालों को साथ में लिया था। यही कारण है कि हर गुजरते दिन के साथ कांग्रेस की बची-खुची जमीन भी खिसकती जा रही है।

वे अपनी पार्टी के लोगों के साथ तो न्याय कर लें

इसका नजारा हमने हाल ही में संपन्न हुए मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की करारी हार के रूप में देखा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने अपनी यात्रा का नाम न्याय यात्रा रखा है लेकिन पहले वे अपनी पार्टी के लोगों के साथ तो न्याय कर लें। आज ही सांसद रहे उनके एक बड़े नेता ने कांग्रेस को अलविदा कह दिया है।

Related Articles

Back to top button