सारे एग्जिट पोल सुनियोजित, गठबंधन बना रही सरकार: पुनिया

इण्डिया गठबंधन के नेताओं ने की प्रेस वार्ता, बताया मतगणना में करा सकती है धांधली

बाराबंकी। लोकसभा चुनाव के एग्जिट पोल सामने आने के बाद सोमवार को कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद डॉ पी.एल पुनिया ने इण्डिया गठबंधन के सहयोगी दल के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने मतगणना में धांधली कराए जाने की आशंका जताते हुए कहा कि भाजपा कॉउटिंग धीमी करवा सकती है और बत्ती भी गुल करवा सकती है ताकि उसका फायदा भाजपा उठा सके। जैसा पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने प्रशासन की मदद से कुर्सी विधानसभा में सपा प्रत्याशी राकेश वर्मा को चुनाव हरवाया था। इस बार भी भाजपा की शायद ऐसी कोई रणनीति हो। बहरहाल, हमने चुनाव आयोग से अपील की है कि मतगणना निष्पक्ष तरीके से कराई जाए। जिस ईमानदारी से अधिकारियों ने नौकरी मिलने के समय संविधान की शपथ ली थी उसकी निष्पक्षता और पािरदर्शिता से मतगणना सम्पन्न हो। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल के सारे नतीजे पूरी तरह से विपरीत है। हमारे आंतरिक सर्वे में इंडिया गठबंधन को आ रही सीटों का नंबर बहुत बड़ा है। कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दावा किया इंडिया गठबंधन 295 या इससे अधिक सीटें जीत रहा है। ये जनता का सर्वे है। मीडिया के माध्यम से बीजेपी के द्वारा एग्जिट पोल का सर्वे निराधार है। उन्होंने कहा कि 4 जून को इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। श्री पुनिया ने आरोप लगाया कि भाजपा ने देश का सामाजिक ताना बाना और सौहार्द बिगाड़ा। संविधान, पीडीए, महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की बात राहुल गांधी और अखिलेश यादव अपनी तमाम जनसभाओं में कहते रहे है। जिस पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को जनता का भरपूर समर्थन मिला। यह लोकसभा चुनाव जनता ने लड़ा और यह जीत देश और देश की जनता की जीत साबित होगी। एक अन्य सवाल के जवाब में श्री पुनिया ने कहा कि मुझे जनादेश पर पूरा भरोसा है। ऐसे में यदि प्रशासन ने निर्वाचन आयोग के नियमों का पालन सुनिश्चित कराया तो जनता हल्ला बोल करेगी और लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा मीडिया के माध्यम से एग्जिट पोल का पूरा खेल कर रही है। इसका खुलासा हरियाणा जहां के एग्जिट पोल में 16-18 सीट एडीए के पक्ष में दिखा रहा है जबकि हरियाणा में सिर्फ लोकसभा की 10 सीट है। ऐसे ही तमिलनाडू में गिनती पूरी होती नहीं दिख रही है। इस मौके पर कांग्रेस प्रत्याशी तनुज पुनिया, पूर्व सांसद रामसागर रावत, सदर विधायक सुरेश यादव, पूर्व मंत्री फरीद महफूज किदवई, विधायक गौरव रावत, पूर्व विधायक मीता गौतम, सपा जिलाध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मो मोहसिन, कांग्रेस प्रवक्ता सरजू शर्मा, सपा प्रवक्ता वीरेन्द्र प्रधान, विजयपाल गौतम, आर.डी. राव आदि लोग मौजूद रहे।

खटाखट, खटाखट… को जनता ने सराहा
प्रेस कांफ्रेंस में श्री पुनिया ने पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा देश का संविधान बदलना चाहती है, इसलिए 400 सीटें जीतना चाहती है। वहीं कांग्रेस महिलाओं और युवाओं के खाते में खटाखट…खटाखट पैसे ट्रांसफर होंगे। जिसे जनता ने मताधिकार का प्रयोग करके काफी सराहा है।

विदेशी मीडिया के एग्जिट पोट में गठबंधन सरकार

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं रामनगर विधायक फरीद महफूज किदवई ने भारतीय मीडिया द्वारा दिखाए जा रहे एग्जिट पोल को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि इस एग्जिट पोल के माध्यम से जनमत को धोखा दिया जा रहा है। जबकि अर्न्तराष्ट्रीय मीडिया के चुनावी सर्वे में इंडिया गठबंधन लगातार आगे बढ़ रहा है और भारत में इंडिया गठबंधन सरकार बना रहा है।

तनुज को मिलेंगे सात लाख वोट
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए इंडिया गठबंधन के सहयोगी दल वरिष्ठ सपा नेता एवं पूर्व प्रमुख सुरेन्द्र सिंह वर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी तनुज पुनिया को जनता भरपूर सहयोग और समर्थन मिला। उन्होंने बताया भाजपा के झूठे राष्ट्रवाद ने देश को नुकसान पहुंचाया। सामाजिक रूप से देश का सौहार्द्र बिगाड़ा। संविधान और आरक्षण को साजिशन खत्म करने की कोशिश की गई। बेरोजगारों से छल किया। पेपर लीक कराए। जिसका जवाब जनता ने मतदान करके दिया है। इस बार जनता तनुज पुनिया को लगभग सात लाख वोट से जिताकर संसद भेजेगी।

Related Articles

Back to top button