भगवान राम सदियों के संघर्षों के बाद घर लौटेंगे सत्य की हुई है जीत-  जेपी नड्डा

नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को एक ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने प्रवासी भारतीयों को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

उन्होंने कहा कि हम 22 जनवरी को सबसे प्रतीक्षित क्षण के गवाह बनने जा रहे हैं। हमारे भगवान राम सदियों के संघर्षों के बाद घर लौटेंगे। सत्य की जीत हुई है। देशभर के मंदिरों को सजाया गया है, जिससे एक जीवंत उत्सव का माहौल बन रहा है। यह ऐतिहासिक अवसर हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत में एक मील का पत्थर है। वह प्रवासी भारतीयों को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।

नड्डा ने कहा कि मैं आप सभी से अनुरोध करता हूं कि आप दुनिया में जहां भी हों, वहां से इस महत्वपूर्ण उत्सव का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि इसमें भारतीय प्रवासियों ने अमूल्य योगदान दिया है और वे दुनियाभर में हमारी संस्कृति और मूल्यों के वाहक हैं। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला।

उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने एनआरआइ फार नमो अगेन अभियान शुरू किया है। मैं आप सभी से लोकतंत्र के इस सबसे बड़े त्योहार में भाग लेने और योगदान देने की अपील करता हूं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आपने दुनियाभर में भारत की प्रतिष्ठा को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आपकी उपलब्धियों और उत्कृष्टता ने न केवल हमें गौरवांवित किया है, बल्कि युवा पीढ़ी को भी प्रेरित किया है। वैश्विक संपर्क के साथ जड़ों से आपका जुड़ाव भारत और दुनिया के बीच सांस्कृतिक और राजनयिक संबंधों को बढ़ावा देने वाला एक पुल बन गया है।

मोदी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एक उल्लेखनीय परिवर्तन आया है। उन्होंने देश को विकसित और समृद्ध राष्ट्रों की श्रेणी में शामिल किया है। भाजपा विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button