इतने वर्षों बाद ब्रिटेन दौरे पर केंद्रीय रक्षा मंत्री, इन मुद्दों को लेकर करेंगे बात…

लंदन। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार रात ब्रिटेन पहुंचे हैं। रक्षा मंत्रालय ने एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, अपनी यात्रा के दौरान, रक्षा मंत्री अपने समकक्ष, रक्षा राज्य सचिव ग्रांट शाप्स के साथ द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। राजनाथ सिंह के साथ रक्षा मंत्रालय का एक प्रतिनिधिमंडल भी आया है जिसमें डीआरडीओ, सेवा मुख्यालय, रक्षा विभाग और रक्षा उत्पादन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।

ऋषि सुनक से मुलाकात कर सकते हैं राजनाथ सिंह
मंत्रालय के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच रक्षा, सुरक्षा और औद्योगिक सहयोग के व्यापक मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। राजनाथ सिंह के ब्रिटेन के प्रधान मंत्री ऋषि सुनक से मुलाकात करने और विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास मामलों के राज्य सचिव डेविड कैमरन के साथ बैठक करने की भी उम्मीद है।

समझा जाता है कि इसी साल चुनाव का सामना करने वाले दोनों ही देश सामरिक और रक्षा संबंधों को फिर से सशक्त करना चाहते हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ब्रिटेन दौरे के दौरान हथियार निर्माण के स्थलों पर जाएंगे। वह ब्रिटेन के रक्षा मंत्री ग्रांट शॉप्स से रक्षा, सुरक्षा और औद्योगिक सहयोग पर बातचीत करेंगे।

22 वर्षों बाद ब्रिटेन दौरे पर भारतीय रक्षा मंत्री
यह किसी भी भारतीय रक्षा मंत्री का 22 वर्षों बाद ब्रिटेन दौरा है। राजनाथ सिंह का यह दौरा पहले जून, 2022 में ही होना था, लेकिन प्रोटोकाल संबंधी कारणों से भारत ने ही यह दौरा उस समय रद्द कर दिया था। 22 साल पहले ब्रिटेन जाने वाले रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस भाजपा के नेतृत्व वाली पिछली राजग सरकार से ही थे। वह 22 जनवरी, 2002 को लंदन गए थे।

Related Articles

Back to top button