उत्तर प्रदेश में बारिश के बाद गिरेगा पारा, सर्दी रहेगी बरकरार

कानपुर  । उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में दो दिन से बारिश हो रही है। गुरुवार से आसमान साफ होने के आसार है और हवाओं की बदली दिशाओं से एक बार फिर सर्द हवाएं गंगा के मैदानी इलाकों में आयेगी,जिससे सर्दी बढ़ेगी ही साथ ही तापमान भी गिरेगा। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी एक सप्ताह तक सर्दी बरकरार रहने की संभावना है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने बुधवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ को मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के रूप में है,जिसकी धुरी समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है और अब 72 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ तथा 30 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में चल रही है। उत्तरी हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों पर प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 1.5 से 3.1 किमी ऊपर है। मराठवाड़ा और आसपास के निचले स्तर पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। 17 फरवरी से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करने की संभावना है। मौसम की इन गतिविधियों से आज कानपुर में बादलों की आवाजाही बनी रही और कौशांबी,प्रयागराज, जौनपुर, फतेहपुर, प्रतापगढ़ व रायबरेली में बूंदाबांदी हुई। गुरुवार से आसमान साफ होगा लेकिन सर्दी से राहत नहीं मिलेगी, क्योंकि उत्तरी पश्चिमी सर्द हवाएं एक बार फिर तापमान को गिराएंगी।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 24.4 और न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 93 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 64 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 3.0 किमी प्रति घंटा रही।

Related Articles

Back to top button