पंजाब में वोट डालने पहुंचे एक्टर आयुष्मान खुराना

पंजाब की सभी 13 लोकसभा और चंडीगढ़ सीट पर आज मतदान होना है। प्रशासन और चुनाव आयोग ने चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा और शाम छह बजे समाप्त होगा।

पंजाब के 2.14 करोड़ मतदाता 328 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इस चुनाव में पांच मंत्री समेत कुल 12 विधायक, 6 सांसद और चार राजनीतिक पार्टियों की साख दांव पर है। पंजाब में पहली बार हुआ है जब भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और शिरोमणि अकाली दल मैदान में हैं। मुख्य रूप से मुकाबला भाजपा, कांग्रेस और आप के बीच में हैं।

1 बजे तक पंजाब में 37.80 व चंडीगढ़ में 40.14 फीसदी हुआ मतदान
पंजाब में 13 सीटों पर 1 बजे तक चंडीगढ़ में 40.14 व पंजाब में 37.80 प्रतिशत मतदान हुआ। पंजाब की 13 सीट अमृतसर- 32.18, आनंदपुर साहिब 37.43, खडूर साहिब- 37.76, गुरदासपुर- 39.05, जालंधर- 37.95, पटियाला- 39.73, फतेहगढ़ साहिब- 37.43, फरीदकोट- 36.82, फिरोजपुर- 39.74, बठिंडा- 41.17, लुधियाना- 35.16, संगरूर- 39.85, होशियारपुर- 37.07 फीसदी मतदान हुआ है।

एक्टर आयुष्मान खुराना ने चंडीगढ़ में किया मतदान
अभिनेता आयुष्मान खुराना ने चंडीगढ़ के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। मतदान करने के बाद आयुष्मान ने कहा कि मैं अपने अधिकार का प्रयोग करने के लिए अपने शहर वापस आया हूं। उन्होंने कहा कि मुंबई में इस बार बहुत कम मतदान हुआ लेकिन हमें अपना वोट डालना चाहिए।

जालंधर से भाजपा उम्मीदवार सुशील कुमार रिंकू ने किया मतदान
जालंधर से भाजपा प्रत्याशी सुशील कुमार रिंकू ने अपना वोट डाला। सुशील कुमार रिंकू का मुकाबला आप के पवन कुमार और कांग्रेस के चरणजीत सिंह चन्नी से है।

Related Articles

Back to top button